
मो. सरफराज आलम / सहरसा. आपने जरूरतमंद लोगों की मदद करते हुए कई लोगों को देखा होगा. ठीक इसी तरह की तस्वीर सहरसा से निकलकर सामने आई है, जहां मुंह और दंत रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार प्रत्येक मंगलवार को अपने क्लीनिक में मुफ्त में मरीजों का इलाज करते हैं. यह सिलसिला कई सालों से चल रहा है. अगर दांतों में दर्द या किसी भी प्रकार की कोई तकलीफ हो और आपके पास इलाज कराने के लिए पैसे नहीं है, तो अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है. आप किसी भी मंगलवार को सहरसा के सरस्वती डेंटल क्लीनिक पहुंच जाएं.
पुरानी राइस मिल में है क्लिनिक
अत्याधुनिक मशीन से दातों की तकलीफ को फ्री में दूर करवाना हो, तो सहरसा के वीआईपी रोड के पुरानी राइस मिल आ जाइए. यहां सरस्वती डेंटल क्लीनिक में मुफ्त में इलाज किया जाता है. इस क्लिनिक के संचालक डॉ. सौरभ ने बताया कि कई लोगों के पास इलाज के लिए रुपए नहीं होते हैें. वह समय रहते अपना इलाज नही करा पाते, ऐसे में बीमारी बढ़ती चली जाती है, जो शरीर के लिए खतरनाक साबित होने लगती है. ऐसे मरीजों का हर मंगलवार को फ्री में इलाज करते हैं.
गरीब मरीजों को दवा के साथ एक्स-रे भी फ्री
उन्होंने ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को हमारे क्लीनिक में मुफ्त में परामर्श दिया जाता है. साथ ही साथ एक्स-रे के भी रुपए नहीं लिए जाते हैं. डॉ. सौरभ बताते हैं कि जिन मरीजों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होती है, उन्हें दवाई भी मुफ्त में दी जाती है. दांतों की सफाई के साथ-साथ दांत से संबंधित सभी बीमारियों का इलाज अत्याधुनिक मशीन से किया जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 12:42 IST








