
अखिलेश सोनकर/चित्रकूट : एक कहावत है कि जर जोरू और जमीन सारे फसाद की जड़ होती है. चाहे फिर खून का ही रिश्ता क्यों न हो. इसके लिए इंसान सारी हदें पार कर जाता है. ऐसा ही मामला चित्रकूट जनपद से सामने आया है जहां जमीन के चक्कर मे एक बड़े भाई ने अपने खून के रिश्ते को भुलाकर अपने सगे छोटे भाई के परिवार के ऊपर लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया है. जिससे छोटे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गयी, तो उसके परिवार चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए है.
दरअसल, मामला सरधुआं थाना क्षेत्र के हरीसन पुरवा गांव का है. जहां मामूली जमीन के विवाद के चक्कर मे दो सगे भाइयों के परिवार के बीच विवाद हो गया है, जिसमें राजनारायण नाम के बड़े भाई ने अपने छोटे भाई राजकरण के परिवार के लोगों से मिट्टी डालने को लेकर विवाद हो गया. जो देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसके बाद बड़े भाई राजनारायण और बच्चों ने छोटे भाई राजकरण और उसके परिवार के ऊपर लाठी डंडों से हमला कर दिया जिससे राजकरण सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रयागराज में हो गई मौत
वहीं राजकरण की हालत ज्यादा गंभीर होने पर परिजनों ने पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डाक्टरों ने उसकी हालत देखकर उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया. परिवार के अन्य घायल चार सदस्यों को मामूली चोट आने पर उनका इलाज कर उन्हें घर भेज दिया है. घटना के तीसरे दिन छोटे भाई राजकरण की इलाज के दौरान प्रयागराज में मौत हो गई. जिससे पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया. आनन-फानन में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
वहीं सरधुआं थाने की पुलिस ने घटना के दिन पीड़ित राजकरण की तरफ से बड़े भाई राजनारायण और उसके बच्चों के खिलाफ मामूली एनसीआर दर्ज किया था लेकिन अब छोटे भाई की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने विवेचना में हत्या की धारा बढ़ाने की बात कही है. फिलहाल आरोपी अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर हैं. वहीं जब हम इस बाबत पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला से बात की तो उन्होंने बताया है कि पुलिस ने घटना के दिन ही आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था अब इसमे हत्या की धारा की बढ़ोतरी की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.








