
सौरभ वर्मा/रायबरेली. तकनीकी शिक्षा के प्रति सरकार युवाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार के योजनाएं संचालित कर रही है. जिससे कि युवा तकनीकी के क्षेत्र में आगे बढ़ सके. लेकिन यूपी के रायबरेली जनपद शिवगढ़ विकास क्षेत्र के गोविंदपुर में करोड़ों की लागत से वर्ष 2016-17 में स्थापित बछरावां राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सरकार की उदासीनता और जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते जंगल में तब्दील होता चला जा रहा है.
क्योंकि इसके स्थापना वर्ष और उद्घाटन के बाद से इसकी तरफ किसी भी जिम्मेदार और सरकार में बैठे लोगों ने मुड़कर नहीं देखा. इसी का नतीजा है कि करोड़ों की लागत से बनाया गया भवन सिर्फ एक इमारत ही बनकर रह गया.
जबकि स्थानीय लोग बताते हैं कि यह कॉलेज सिर्फ कागजों में ही गोविंदपुर में संचालित है. जबकि इसकी कक्षाएं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जगदीशपुर में संचालित हो रही है. लोग यह भी बताते हैं कि यहां पर प्रवेश लेने वाले बच्चे सबसे पहले इसी पते पर पहुंचते हैं. लेकिन जब वो यहां पहुंचते हैं तो उन्हें यहां भवन तो बना दिखाई देता है. लेकिन वह भी जंगल में तब्दील हो चुका है.
इसलिए वह फिर यहां से वापस लौट जाते हैं. इसकी तरफ अभी तक किसी भी जिम्मेदार प्रशासनिक अफसर या सरकार में बैठे लोगों ने ध्यान नहीं दिया. जिसके चलते यहां पर प्रवेश लेने वाले छात्रों व उनके अभिभावकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
कई बार पत्राचार के बाद भी नहीं शुरू हो सका संचालन
गोविंदपुर के ग्राम प्रधान राजकुमार सिंह ने बताया कि कई बार शासन स्तर पर पत्राचार किया गया. लेकिन नतीजा शून्य रहा. किसी भी जिम्मेदार नहीं इसकी तरफ मुड़कर नहीं देखा ना ही पत्राचार का कोई ठोस जवाब मिल सका.
बताते हैं कि इसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रायबरेली से वर्चुअल माध्यम से किया था. तब लोगों को तब लोगों आश जगी थी कि शायद अब यहां पर कक्षाएं संचालित होने लगे. लेकिन यह सिर्फ विद्यालय नमूना बनकर ही रह गया है. साथ ही वह बताते हैं कि आधुनिक सुविधाओं से लैस उत्तर प्रदेश का यह नंबर वन कॉलेज है. लेकिन शासन व प्रशासन की अनदेखी के चलते यह केवल भवन निर्माण तक ही सीमित रह गया.
पद सृजित न होने के कारण नहीं संचालित हो सका कॉलेज
न्यूज 18 से बात करते हुए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बछरावां (गोविंदपुर) के प्रधानाचार्य रामरतन ने बताया कि शासन स्तर से इस विद्यालय में पद सृजित ना होने के कारण अभी तक यहां पर कक्षाएं संचालित नहीं हो सकी हैं. जबकि यहां पर जिन बच्चों का प्रवेश हुआ है उन बच्चों को हम राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जगदीशपुर जनपद अमेठी में पढ़ाई के लिए भेज रहे हैं. आज इस विद्यालय में लगभग 618 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं.
.
Tags: Rae Bareli News, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 17:29 IST








