
झुंझुनूं. राजस्थान में भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि तकरीबन 3 दर्जन लोग घायल हो गए हैं. घायलों का झुंझुनूं, सीकर और जयपुर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. मनसा माता की पहाड़ी पर सोमवार देर शाम यह हादसा हुआ. मंदिर में यज्ञ चल रहा है. ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर श्रद्धालु यज्ञ में शामिल होने आए थे. लौटते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में 6 महिलाओं और 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि बड़ी तादाद में लोग घायल हो गए. ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालकर पहाड़ी पर वाहन लापरवाही से चला रहा था. इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होते ही चालक ने कूद कर अपनी जान बचा ली. हादसे में घायल लोगों को ग्रामीणों ने खाई से निकाला और एंबुलेंस की मदद से निकटवर्ती अस्पतालों में पहुंचाया. पौंख में दो और उदयपुरवाटी में छह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना पर सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा, जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, एसपी मृदुल कच्छावा और पालिका चेयरमैन रामनिवास सैनी सहित अन्य अधिकारी उदयपुरवाटी पहुंच गए.
आपके शहर से (जयपुर)
मुआवजे का ऐलान
बता दें कि मनसा माता मंदिर में मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा की ओर से यज्ञ का आयोजन करवाया जा रहा है. इसी कार्यक्रम में शामिल होने श्रद्धालु मनसा माता मंदिर पहुंचे थे. हादसे की सूचना मिलते ही मंत्री गुढ़ा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने सीएचसी उदयपुरवाटी और सीकर जाकर घायलों का हालचाल जाना. गुढ़ा ने मृतकों के परिवार को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि अपनी तरफ से देने की घोषणा की है.
हजारों श्रद्धालु जुटे
मनसा माता मंदिर में यज्ञ और भंडारे में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. घायलों ने बताया कि लौटते हुए मंदिर से 500 मीटर दूर ही आए थे कि अचानक ट्रैक्टर का गियर अटक गया. इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई. इससे घबरा कर चालक ट्रैक्टर से कूद गया, जबकि 50 मीटर दूर तक ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना ड्राइवर के चलती रही और फिर 100 फीट गहरी खाई में पलट गई. कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि मनसा माता मंदिर में 24 मई से ही कार्यक्रम चल रहा था. हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन और भंडारे में पहुंच रहे थे.
.
Tags: Jhunjhunu news, Rajasthan news, Road Accidents
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 07:07 IST









