
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ: लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल कार्यभार संभालते ही एक्टिव नजर आईं. उन्होंने सोमवार को पुराने लखनऊ का निरीक्षण किया और कमियां पाए जाने पर नगर निगम समेत जिम्मेदार अधिकारियों की जमकर क्लास भी लगाई. सोमवार को महापौर सुबह 8:30 बजे जोन-6 क्षेत्र के अंतर्गत चौक काली जी बाजार वार्ड पहुंचीं. यहां अभियंत्रण विभाग की ओर से नाले की सफाई तो मिली, लेकिन निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि नाले में पानी की निकासी पूरी तरह से नहीं हो रही.
इस सम्बन्ध में मेयर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां नाले का प्रवाह ठीक नहीं है, उन जगहों की दोबारा सफाई कराई जाए. इसके बाद महापौर ने चरक चौराहे के पास नींबू पार्क की ओर जाने वाले पाटा नाला और कंचन मार्केट नाला का निरीक्षण भी किया गया. यहां पर नालों की सफाई नहीं मिली. इस पर मेयर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नाले की सफाई जल्द कराकर उन्हें रिपोर्ट देने के निर्देश दिए. यही नहीं, जोन-6 के टंडन का फव्वारा के पास अकबरी गेट ढाल स्थित इरफानिया मदरसा के पास सरकटा नाले का भी निरीक्षण किया है. हालांकि यहां पर सफाई ठीक-ठाक मिली.
19 नालों की दोबारा सफाई के निर्देश
महापौर ने काली जी बाजार में देहला कुआं स्थित कवर्ड नाले को खुलवा कर सफाई काम का निरीक्षण किया. यहां पर भी उन्हें सफाई नहीं मिली. इस पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इसके भी सफाई करने के निर्देश दिए. इसके अलावा लाजपत नगर स्थित नगर निगम जोन-6 कार्यालय और जोन-6 के अन्तर्गत 19 नालों की सफाई का काम संतोषजनक न पाए जाने के कारण इन सभी 19 नालों की दोबारा सफाई का उन्होंने निर्देश दिया.








