
हाइलाइट्स
रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने जीता तुर्किये का राष्ट्रपति चुनाव.
52 फीसदी मतों के साथ लगातार 11वीं बार जीता चुनाव.
एर्दोगन ने विपक्षी नेता कमाल केलिकदारोग्लू को हराया है.
अंकारा: तुर्किये (Turkey) के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन (Recep Tayyip Erdogan) ने अपने शासन को तीसरे दशक तक बढ़ाते हुए तुर्किये का राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है. लंबे समय से सत्ता पर काबिज रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने विपक्षी नेता कमाल केलिकदारोग्लू (Kemal Kilicdaroglu) को हराया. 99.43 प्रतिशत वोटों की गिनती के साथ, रविवार को तुर्किये की सुप्रीम इलेक्शन काउंसिल (YSK) द्वारा घोषित प्रारंभिक आधिकारिक परिणामों ने एर्दोगन को 52.14 प्रतिशत वोटों के साथ जीतते हुए दिखाया.
CNN की रिपोर्ट के अनुसार परिणामों के आधिकारिक होने से पहले एर्दोगन इस्तांबुल में अपने निवास के बाहर एक कैंपेन बस के ऊपर जीत के जश्न में गाते हुए दिखाई दिए. इसके साथ ही उन्होंने तुर्किये का झंडा लहराते हुए उल्लासित समर्थकों की एक बड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए राष्ट्र को धन्यवाद दिया. एर्दोगन ने कहा ‘हमने अपने राष्ट्र के पक्ष में राष्ट्रपति चुनाव का दूसरा दौर पूरा किया. लोकतंत्र का एक दिन देने के लिए मैं अपने देश का आभार व्यक्त करना चाहता हूं.’
उन्होंने दो चुनावी दौरों का जिक्र करते हुए कहा ’14 मई और 28 मई के चुनाव दोनों के विजेता हमारे सभी 8.5 करोड़ नागरिक हैं.’ वहीं राजधानी अंकारा में अपने पार्टी मुख्यालय में बोलते हुए केलिकदारोग्लू ने कहा कि वह तब तक लड़ते रहेंगे जब तक कि तुर्किये में ‘वास्तविक लोकतंत्र’ नहीं आ जाता है. उन्होंने कहा ‘यह हमारे इतिहास का सबसे अनुचित चुनाव काल था. हम भय के माहौल के आगे नहीं झुके. इस चुनाव में तमाम दबावों के बावजूद सत्तावादी सरकार को बदलने की लोगों की इच्छा स्पष्ट हो गई.’
बता दें कि फरवरी में तुर्किये में आए विनाशकारी भूकंप के बाद बाद एर्दोगन के लिए मुश्किलें बढ़ गई थी. आम जनता में सरकार के प्रति काफी नाराजगी थी. उन्हें इस बार जीतने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. एर्दोगन की जीत पर कतर के तमीम बिन हमद ने उन्हें ट्वीट कर बधाई दी है. उन्होंने कहा ‘जीत के लिए बधाई, नए कार्यकाल की सफलता की कामना.’
.
Tags: Turkey, World news
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 06:30 IST








