
हाइलाइट्स
WTC Final के लिए ऑस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय टीम घोषित
आईपीएल 2023 में फिसड्डी साबित हुए दिग्गज को मुख्य स्क्वॉड में जगह नहीं
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ इंग्लैंड के ओवल मैदान में 7 जून से खेले जाने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया. दो धाकड़ खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया ने अपने मुख्य स्क्वॉड में जगह नहीं दी है. ये हैं ऑलराउंडर मिचेल मार्श और बल्लेबाज मैट रेनेशॉ. ये दोनों खिलाड़ी बतौर रिजर्व टीम के साथ जोड़े गए हैं. रेनेशॉ ने तो इसी साल जनवरी में 5 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी की थी. इन दोनों को इससे पहले चुनी गई 17 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था.
मिचेल मार्श ने अपना पिछला टेस्ट 2019 की एशेज सीरीज के दौरान ओवल मैदान में ही खेला था. उस टेस्ट की पहली पारी में मार्श ने 86 रन देकर 5 विकेट लिए थे. इसके बाद से वो बार-बार चोटिल रहने की वजह से ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट नहीं खेल पाए हैं. मिचेल मार्श आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते नजर आए थे. लेकिन, आईपीएल में भी उनका बल्ला खामोश ही रहा था. वो 9 मैच में 128 रन ही बना पाए थे. मार्श को दिल्ली ने 6.5 करोड़ में खरीदा था.
वहीं जोश हेज़लवुड अब मुख्य स्क्वॉड में शामिल हो गए हैं. वह आईपीएल के दौरान चोटिल हुए थे. लेकिन स्कैन रिपोर्ट में कोई गंभीर समस्या नहीं दिखी थी. हेज़लवुड के अलावा जोश इंग्लिस और टॉड मर्फ़ी को भी 15 खिलाड़ियों की टीम में जगह मिली है. माइकल नेसर और सीन एबट को नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया है. हेजलवुड आईपीएल 2023 में आरसीबी की तरफ से सिर्फ 3 मैच ही खेल पाए थे.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल ओवल में 7 से 11 जून तक खेला जाएगा. इस मैच के लिए रिज़र्व दिन भी रखा गया है. विजेता टीम को लगभग 13 करोड़ रूपये की इनामी राशि मिलेगी. साथ ही उपविजेता को 6.5 करोड़ रूपए दिए जाएंगे.
ऑस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलंड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मार्कस हैरिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जॉश इंग्लस (विकेटकीपर), उस्मान ख़्वाजा, मार्नस लैबुशेन, नाथन लायन, टॉड मर्फ़ी, स्टीवन स्मिथ (उप-कप्तान), मिचेल स्टार्क, डेविड वॉर्नर.
स्टैंडबाय: मिचेल मार्श, मैट रेनशॉ
.
Tags: India vs Australia, Josh Hazlewood, Mitchell Marsh, World Test Championship Final, WTC Final
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 06:17 IST









