
गाजियाबाद. जिले में नवनिर्वाचित महापौर, पार्षद और पालिका अध्यक्षों को शपथ दिलाने की तैयारी पूरी कर ली गयी है. गाजियाबाद नगर निगम और नगर पालिकाओं को 27 मई को नया सदन मिल जाएगा. शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है. गाजियाबाद नगर निगम अधिकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
नेहरू नगर स्थित निगम के ऑडिटोरियम में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा. महापौर को मंडलायुक्त शपथ दिलाएंगी और इसके बाद महापौर सभी पार्षदों को शपथ दिलाएंगी. जिले की चार नगर पालिकाओं और चार नगर पंचायतों में भी अध्यक्ष और सभासद शपथ ग्रहण करेंगे. राज्य निर्वाचन आयोग ने जनप्रतिनिधियों का नोटिफिकेशन किया गया है.
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने सभी मंडलायुक्त, डीएम और नगरायुक्त को पत्र भेजकर शपथ ग्रहण कराने कराने के निर्देश दिए हैं. शासन की ओर से गाजियाबाद में शपथ ग्रहण के लिए 27 मई तय की गई है.








