
आदित्य तिवारी/भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मात्र 5 रुपये में भरपेट खाने की योजना प्रदेश की जनता के लिए लाने वाले हैं. दरअसल, उन्होंने कुछ दिन पहले ही एक सभा में जनता को और आराम देने का वादा किया था. साथ ही कहा था उनके तीर में अभी बहुत सारे कमान बाकी हैं. अब चुनाव का समय आ गया है और ‘मामा’ अपने कमान से एक तीर और निकालने वाले हैं.
मध्य प्रदेश की मौजूदा शिवराज सरकार जल्द ही ‘दीनदयाल रसोई योजना’ का नाम बदलकर ‘मामा की रोटी’ करने वाली है. इस योजना के तहत मात्र 5 रुपये में लोगों के लिए भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. सरकारी खजाने से इस योजना को लागू करने में करीब 35 करोड़ रुपये तक के खर्च का आकलन किया जा रहा है.
सरकार लगी है ब्रांडिंग में
दक्षिण भारत के तमिलनाडु में ‘अम्मा कैंटीन’ और अमृतानंदमई की ‘मां की रसोई’ की तरह ही मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार दीनदयाल रसोई योजना को भी प्रचलित करने में जुट गई है. सरकार के कुछ लोगों का मानना है कि दीनदयाल रसोई योजना जनता के बीच कुछ खास प्रसिद्धि हासिल नहीं कर पाई है. इस योजना की विफलता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार इसका नाम बदलकर अब ‘मामा की रोटी’ करने जा रही है. इस योजना के तहत जनता को 10 में नहीं बल्कि मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन दिया जाएगा.
आपके शहर से (भोपाल)
योजना के तहत 35 करोड़ का भार पड़ेगा
सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जल्दी इस योजना को लागू करने की घोषणा करने वाले हैं. ऐसा बताया जा रहा है कि इस योजना से जुड़ी सभी तैयारियां शासन स्तर पर पूरी हो चुकी हैं. योजना में लगने वाली राशि 16 करोड़ को बढ़ाकर 35 करोड़ के करीब कर दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट मीटिंग में भी यह मुद्दा उठाया गया था की ‘दीनदयाल रसोई योजना’ से सरकार को किसी भी तरह का फायदा नहीं मिल रहा है. ऐसे में मध्य प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है कि चुनावी साल में इस योजना को अपडेट किया जाएगा.
जानें क्या क्या होगा बदलाव
चुनावी साल में इस योजना में काफी बदलाव किए गए हैं. पहले इस योजना के तहत लोगों को 10 रुपये में खाना मिलता था, जो अब मात्र 5 रुपये में दिया जाएगा. साथ ही इस योजना में सरकार का सालाना खर्च 15 से 16 करोड़ रुपये होता था, जो अब बदल कर 33 से 35 करोड़ रुपये के करीबन होगा. साल 2017 में शुरू हुई दीनदयाल रसोई योजना से प्रदेश के 2 करोड़ लोगों ने भोजन किया है.
.
Tags: Bhopal news, CM Shivraj, MP Government, Mp news
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 23:48 IST








