
हिमांशु अग्रवाल/छतरपुर: बुंदेलखंड में सूर्य के तल्ख तेवर देखने को मिल रहे हैं. छतरपुर में नौगांव और खजुराहो में तापमान का पारा 45 डिग्री पर पहुंच गया है. तापमान में लगातार हो रही वृद्धि से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. सूरज की तपन लोगों को इतना झुलसा रही है कि लोग अपने-अपने घरों में बैठे हुए हैं.
यहां पर दोपहर होते-होते लोग सूरज की आसमानी कहर से बचने के लिए गमछे का उपयोग कर सड़कों पर सफर कर रहे हैं. वहीं स्थानीय लोगों के जीवन पर इस बढ़ती गर्मी और तपन का बुरा असर पड़ा है. वे गर्मी से बचने के लिए तरल पदार्थों के साथ-साथ शरीर को पूरी तरह कवर करके निकल रहे हैं.
दोपहर के समय यहां पर सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है. स्थानीय व्यक्ति कल्याण सिंह ने बताया कि छतरपुर जिले में बहुत अधिक गर्मी पड़ रही है. उनका काम फील्ड का है और उन्हें दिन भर इस कड़ी धूप में अपना काम करना पड़ता है. फिर भी वह गर्मी से बचने के लिए समय-समय पर पानी पीते रहते हैं और मुंह को पूरी तरह कवर कर निकलते हैं.
47 तक जाएगा तापमान!
मौसम विभाग की मानें तो 2 दिनों तक तापमान में और वृद्धि देखी जाएगी और पारा 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान. साथ ही फिर 28 मई को बादल आएंगे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. यह जानकारी खजुराहो मौसम विभाग के अधिकारी राजेंद्र सिंह परिहार ने दी है. बात करें आज के तापमान की तो मंगलवार 23 मई का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 दर्ज डिग्री दर्ज किया गया है.
.
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 00:25 IST








