प्रेमी के लिये की बगावत तो बेटी का कत्ल, आधी रात को जलाई लाश, पुलिस ने चिता बुझाकर जुटाये सबूत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रोहतक. हरियाणा से ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया है. घटना जिले के सदर थाना के अंतर्गत आने वाले गांव रिठाल फोगाट की है. यहां से देर रात को पुलिस कंट्रोल रूम को युवती की हत्या और अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दलबल के साथ गांव के श्मशान घाट पहुंची. पुलिस ने जलती चिता को पानी से बुझा कर चिता से हड्डी निकाली और सबूत जुटाए.

पुलिस ने युवती के पिता से मौत का कारण पूछा तो उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए पंखे से फांसी लगाने की बात बताई लेकिन जब पुलिस घर के उस कमरे में पहुंची तो पंखा ही नहीं मिला. पुलिस को हत्या की जो सूचना मिली, उसी शक के आधार पर युवती के पिता और अन्य परिवार वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अभी पुलिस किसी की भी गिरफ्तारी नहीं करने की बात कर रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी के चलते उसके परिवार वालों ने उसकी तीन-चार महीने पहले शादी भी कर दी थी मगर उसके प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके पति की उसी के गांव में जाकर पिटाई कर दी थी. इसके बाद उसकी शादी टूट गई थी. एक महीने से युवती अपने घर पर रह रही थी. युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी. यही बात उसके परिवार वालों को मंजूर नहीं थी.

आपके शहर से (रोहतक)

मंगलवार की दोपहर बाद उसकी हत्या कर उसके शव का श्मशान घाट में ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया. रोहतक पुलिस के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें रात को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गांव रिठाल फोगाट की रहने वाली एक युवती की हत्या कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस मौके पर पहुंची और चिता से सबूत जुटाए गए. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है. उसके पिता और उसके परिवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

डीएसपी ने बताया कि अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस मामले में पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. हत्या के शक के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. उसके पिता द्वारा पुलिस को जो जानकारी दी गई थी कि उसने पंखे से फांसी लगाकर सुसाइड किया है लेकिन जब पुलिस कमरे में पहुंची तो पंखा नहीं मिला. फिलहाल सबूत जुटाए जा रहे हैं और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें