UPSC Result: हार नहीं मानी…7 साल बाद मिली सफलता, बेटे के सिलेक्शन पर खुशी से रो पड़े मां-बाप

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अनुज गौतम/सागर: जरूरी नहीं कि कोई परीक्षा पास करने के लिए आप 16 से 18 घंटे की पढ़ाई करें. जरूरी यह है कि आप जितनी भी पढ़ाई करें, पूरे मन और फोकस से करें. आपको सफलता जरूर मिलेगी. यह बातें 7 सालों से सिविल परीक्षाओं की तैयारी में जुटे सागर के शुभम सिंह ठाकुर ने कही.

अपनी इसी निरंतरता की वजह से शुभम ने यूपीएससी में 466वीं रैंक हासिल की है. अपनी इस उपलब्धि से उन्होंने पूरे सागर का नाम रोशन किया है. शुभम सिंह ने इंदौर और दिल्ली में रहकर अपनी परीक्षा की तैयारी की और आज वह सफलता के इस मुकाम पर पहुंचे हैं, जिस पर हर कोई गर्व कर रहा है.

शुभम का चयन यूपीएससी में होने के बाद शिक्षक पिता के घर बधाई देने आने वालों का तांता लग गया है. किसी ने मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं, तो कोई फूल माला लेकर उनके घर पहुंच गया. बीना के कटरा वार्ड में रहने वाले प्रधानाध्यापक प्रवेश सिंह ठाकुर मुर्याना स्कूल में पदस्थ हैं. मूल रूप से ठाकुर परिवार बेलई गांव का रहने वाला है.

खुशी से रो पड़े मां-बाप
जब प्रवेश सिंह को अपने बेटे की सफलता की सूचना मिली तो वह खुशी में इतने डूब गए कि उनके आंखों से झर-झर आंसू बहने लगे. यह देखकर उनकी मां राजाबाई भी आंसू नहीं रोक पाईं. शुभम ने 2015 में कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई सरस्वती शिशु मंदिर बीना से की और फिर बीएससी के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी इंदौर में की. इसके बाद 2019 से दिल्ली में रहकर तैयारी की.

सात सालों से कर रहे थे तैयारी
शुभम ने बताया कि पिछले सात वर्षों से वह यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे और रोज छह से सात घंटे पढ़ाई करते थे. साथ ही पढ़ाई के बीच में कभी अंतर नहीं रखा. माता-पिता की प्रेरणा से यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी. इस उपलब्धि का श्रेय भी माता-पिता सहित शिक्षक और मित्रों को दिया है. पिता ने बताया कि यदि ईश्वर पर विश्वास रखते हुए ईमानदारी से कार्य करें, तो बच्चों को सफलता जरूर मिलती है. शुभम ने एमपीएससी की परीक्षा भी दी है और कुछ दिनों में ही परीक्षा परिणाम आने वाला है, इसमें भी अच्छी रैंक मिलने की उम्मीद है.

Tags: Mp news, Sagar news, Success Story, Upsc result

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें