
सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या: यूपी के अयोध्या में भव्य राम मंदिर अब आकार ले रहा है. बस कुछ ही महीने बाद रामलला अपने घर में विराजमान होंगे और भक्तों को अद्भुत दर्शन देंगे. वैसे तो संपूर्ण मंदिर का निर्माण 2025 तक पूरा होगा, लेकिन जनवरी 24 में भगवान राम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो जाएंगे. जबकि दिसंबर 23 तक मंदिर के पहले चरण का काम पूरा हो जाएगा. आज हम आपको इस रिपोर्ट में बताएंगे कि दिसंबर 2023 के पहले अयोध्या में बन रहे निर्माणाधीन मंदिर में क्या-क्या पूरा होगा?
राजस्थान के बंसी पहाड़पुर के पत्थरों से बनाए जा रहे भगवान राम के मंदिर के प्रथम चरण का काम लगभग 80 फीसदी पूरा हो गया है. लगभग 160 स्तंभ लगाए जा चुके हैं. मंदिर में जहां भगवान विराजमान होंगे. उस गर्भ गृह का काम भी 90 फीसदी पूरा हो गया. एक तरफ भव्य मंदिर तीव्र गति के साथ बन रहा है, तो दूसरी तरफ भगवान रामलला की अचल प्रतिमा भी अब आकार ले रही.
यात्री सुविधा केंद्र मंदिर परिसर के अंदर
दिसंबर 2023 तक भगवान राम के मंदिर के प्रथम चरण के काम के तहत मंदिर के पांचों मंडप बनकर तैयार हो जाएंगे. इसके अलावा मंदिर में जो 160 स्तंभ बनाए गए हैं उस पर भगवान राम के जीवन पर आधारित आकृतियां उकेरने का काम भी पूरा जाएगा. इसके साथ यात्री सुविधा केंद्र के परिसर के अंदर बिजली की व्यवस्था पूर्ण कर ली जाएगी. भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष निपेंद्र मिश्रा के मुताबिक, 30 दिसंबर तक इन कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
गर्भ गृह सहित पांचों मंडप का काम होगा पूरा
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भवन निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के प्रथम चरण के काम को 30 दिसंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था. जिसमें मंदिर के गर्भ गृह सहित पांचों मंडप शामिल हैं. इसके अलावा 25000 यात्री क्षमता वाले सुविधा केंद्र बनकर तैयार हो जाएगा. वहीं, 160 स्तंभों पर भगवान राम के जीवन पर आधारित आकृतियां उकेरने का काम भी पूरा कर लिया जाएगा.
.
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 15:12 IST








