
आशीष कुमार शर्मा/दौसा. राजस्थान के दौसा में मंगलवार की शाम अचानक से मौसम में बदलाव आया. जिले में तेज आंधी का दौर देखने को मिला. आंधी के कारण यहां के कई गांवों में तबाही के दृश्य देखने को मिला है. जहां जगह-जगह बिजली के पोल और तार गिर गए हैं. वहीं, टीन टप्पर उड़ कर सड़कों पर आ गिरे. इस दौरान, सलेमपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से संजय सिंह (35 वर्ष) नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई.
सूचना के बाद पहुंची सलेमपुर थाना पुलिस ने शव को अस्पताल में ले जाकर उसका पोस्टमॉर्टम कराया. बताया जा रहा है कि मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. जिस समय आंधी आई वो खेत की तरफ गया हुआ था. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी जान चली गई. वहीं, एक अन्य घटना में नामनेर गांव में दीवार गिरने से तीन लोग घायल हो गए. घायलों को दौसा जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है.
इस बीच, जिले में दर्जनों जगह ट्रांसफॉर्मर धाराशायी होने की सूचना है. देर शाम शुरू हुई तेज आंधी से रात तक तबाही जारी रही. इसके चलते अधिकतर इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही.
यह भी जानकारी है कि आंधी के कारण महवा व सिकराय उपखंड में 200 से अधिक बिजली के पोल गिर गए हैं. इससे लगभग दो दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही. वहीं, सिकन्दरा थाना क्षेत्र के गांगदवाड़ी गांव में टिन-टप्पर उड़ने से नुकसान हुआ है.
.
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 11:59 IST








