
आदित्य आनंद/गोड्डा. झारखंड बोर्ड का दसवीं और बारहवीं का रिजल्ट आ चुका है. गोड्डा के बसंतराय प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोगाई के 10वीं कक्षा के छात्र पीयूष मंडल ने 95.4 फीसदी अंक लाकर जिले में टॉप किया है. पीयूष के पिता मैट्रिक परीक्षा की तैयारी के दौरान दिसंबर माह में गुजर गए. वहीं मां भी बीमार चल रही है.
जल्द ही हुआ है मां का आपरेशन
हाल ही में मां ऑपरेशन हुआ है. घर पर आर्थिक तंगी है. परिवार फूस के मकान में गुजर बसर करता है. लेकिन पीयूष ने हिम्मत नहीं हारी और पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया. इससे अपनी पढ़ाई का खर्च निकालता और परिवार की भी मदद करता रहा. आज रिजल्ट आने के बाद परिवार सहित आस पड़ोस व स्कूल में खुशी का माहौल है. पीयूष को हिंदी में 92, इंग्लिश में 91, गणित में 98,संस्कृत में 80, साइंस में 98 औरसोशल साइंस में 98 अंक मिले हैं. वहीं, ऑप्शनल इंग्लिश में 91 अंक मिले हैं.
IAS बनना चाहते हैं पीयूष
पीयूष ने न्यूज18 लोकल को बताया कि 10वीं की परीक्षा के लिए रोजाना करीब 10 घंटे पढ़ाई किया करता था. तैयारी के दौरान काफी मेहनत कर रहा था. मेहनत की वजह से मुझे विश्वास था कि रिजल्ट अच्छा आएगा. हालांकि घर की मौजूदा स्थिति में 10वीं पढ़ाई काफी चुनौती पूर्ण रही, लेकिन मैं कभी घबराया नहीं और परीक्षा की तैयारी पर फेसक रखा. पियूष आगे साइंस लेकर पढ़ाई करना चाहता है. उसका सपना यूपीएससी एग्जाम क्रैक कर आईएएस अधिकारी बनना है.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 22:11 IST








