
नई दिल्ली. आईपीएल-2023 अब प्लेऑफ दौर (IPL Playoffs) में पहुंच चुका है. गुजरात टाइटंस, चेन्न्ई सुपरकिंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियन की टीमें प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं. सीजन के लीग मैचों पर नजर डालें तो इस बार फाफ डुप्लेसी, विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, डेवोन कोनवे, मोहम्मद शमी और राशिद खान जैसे प्लेयर्स के अलावा कुछ अनकैप्ड प्लेयर्स ने भी क्रिकेटप्रेमियों की वाहवाही लूटी, इसमें यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह के अलावा जितेश शर्मा, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा और आयुष बदोनी जैसे प्लेयर्स शामिल रहे.
राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी (Yashasvi Jaiswal)और कोलकाता नाइटराइडर्स के रिंकू सिंह (Rinku Singh) की बल्लेबाजी तो इतनी धमाकेदार रही कि इन्हें भारतीय टीम में स्थान दिए जाने की पुरजोर मांग उठने लगी है. यशस्वी ने 14 मैचों में एक बार नाबाद रहे हुए 48.07 के औसत से 625 रन बनाए. दूसरी ओर रिंकू सिंह ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 20वें की आखिरी पांच गेंदों पर छक्के जड़ते हुए केकेआर को यादगार जीत दिलाई. लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में भी वे ऐसा ही करिश्मा करने के करीब पहुंचे गए थे. लेकिन टीम जीत से महज एक रन दूर रह गई. क्रिकेटप्रेमियों के साथ कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी रिंकू के टेलेंट को खास मानते हुए उन्हें टीम इंडिया में स्थान का हकदार माना है.
यशस्वी और रिंकू के अलावा पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन (Prabhsimran Singh)और जितेश शर्मा (Jitesh Sharma) ने भी 300 से अधिक रन बनाकर बल्ले की धमक दिखाई है. इन चारों की ही टीमें प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई हैं.
आईपीएल-2023 में 300+ रन बनाने वाले अनकैप्ड प्लेयर
यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स) : 14 मैचों में 48.07 के बेहतरीन औसत और 163.61 के दमदार स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे. इस दौरान 82 चौके और 26 छक्के जड़े.
रिंकू सिंह (कोलकाता नाइटराइडर्स): 14 मैचों में 59.25 के औसत से 474 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं. स्ट्राइक रेट 149.52 का रहा. 31 चौके और 29 छक्के लगाए.
प्रभसिमरन सिंह (पंजाब किंग्स): 14 मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 358 रन (औसत 25.57 और स्ट्राइक रेट 150.42) बनाए. 38 चौके और 19 छक्के लगाए.
जितेश शर्मा (पंजाब किंग्स): गेंद पर तगड़ी हिट लगाने के लिए मशहूर इस विकेटकीपर बैटर ने 14 मैचों में 23.36 के औसत और 156.06 के स्ट्राइक रेट से 350 रन बनाए. 22 चौके और 21 छक्के लगाए. वीरेंद्र सहवाग इसे भारतीय टी20 टीम में स्थान देने की वकालत कर चुके हैं.
.
Tags: IPL 2023, Yashasvi Jaiswal
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 17:01 IST








