
अनूप पासवान, कोरबा. छुरी के झोराघाट में गर्मी शांत करने के इरादे से सैंकड़ों लोगों ने नदी में ही पार्टी कर डाली. इस दौरान दो पक्ष उलझ गए और उनके बीच मारपीट हो गई. ये तमाशा क्यों हुआ, इसका सही कारण सामने नहीं आ सका है. कोरबा जिले में तापमान का पारा 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया है. ऐसे में स्वाभाविक रूप से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. गर्मी की तपिश से बचने के लिए लोग कई तरह से जतन कर रहे हैं.
इस कड़ी में सैकड़ों लोगो को नदी में मस्ती करने की सूझी और वे तामझाम के साथ पहुंच गए छुरी के झोराघाट. डीजे पर बज रहे गीतों पर हर कोई नाच रहा था. लोगों के पैर से लेकर शरीर ठंडे पानी में था, इसलिए मन मयूर नाच रहा था.
अगली कहानी तो अभी बाकी थी. तापमान की गर्मी हसदेव नदी के निर्मल पानी ने भलीभांति निकाल दी थी. लेकिन नदी में नहा रहे कुछ युवकों ने खुद को तो ज्यादा ही गर्म कर लिया था. नतीजा ये हुआ कि मस्ती के दौर में कुछ विवाद हुआ तो मौके पर ही लात-घूंसे शुरू हो गए. फिर बाकी कसर बियर की बोतलों और बेल्ट ने निकाल दी. इस फेर में कुछ लोग जख्मी हुए. इसके साथ झोराघाट मे हंगामा तेज हुआ और अफरातफरी मच गई.
इससे पहले की पुलिस आती, काफी लोग यहां से निकल भागे. हसदेव की वादियों में इस तरह का कारनामा पहली बार हुआ. जिसका वीडियो हर तरफ वायरल हो रहा है. अहम सवाल अभी भी कायम है कि आखिर यह सब क्यों हुआ.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 15:53 IST








