
अभिलाष मिश्रा, इंदौर. आरबीआई के नए फैसले के बाद अब हर कोई 2000 का नोट जल्द-जल्द से जल्द एक्सचेंज करना चाहता है.जिन लोगों के पास बड़ी संख्या में 2000 के नोट हैं वे सभी लोग बैंकों में पहुंचकर 2000 के नोट एक्सचेंज कर रहे हैं या फिर एक्सचेंज करने की योजना बना रहे हैं. वहीं बहुत से लोग ऐसे भी हैं जो की अपनी 2000 की नोट जल्द से जल्द मार्केट में इन्वेस्ट कर देना चाहते हैं.
बात अगर इंदौर के मार्केट की करें तो सर्राफा बाजार शहर का सबसे बड़ा मार्केट है. जहां रोजाना करोड़ों की लेनदेन होती है. ऐसे में हमने यह जानने का प्रयास किया कि आरबीआई का नया फैसला जिसमें 30 सितंबर के बाद ₹2000 के नोट वैध नहीं रह जाएंगे, इसके बाद सर्राफा बाजार में 2000 के नोटों की आवक कितनी बढ़ी है. हमें पता चला कि आरबीआई के नए फैसले के बाद सर्राफा बाजार में 2000 के नोटों की आवक पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गई है. जहां सोने चांदी की खरीदी करने वाले लोग पहले की अपेक्षा अधिक मात्रा में 2000 के नोट लेकर सर्राफा बाजार पहुंच रहे हैं.
सबसे विशेष बात यह है कि सर्राफा व्यापारी भी उन्हें निराश नहीं कर रहे हैं और सर्राफा व्यापारी भी ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए 2000 के नोटों को ग्राहकों से ले रहे हैं. सर्राफा व्यापारियों का मानना है कि आरबीआई ने 30 सितंबर तक का समय दिया है जो कि पर्याप्त समय है.
इस संबंध में सर्राफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनिल राघा ने बताया कि हमारे सर्राफा व्यापारियों की दुकानों पर जो भी लोग 2000 के नोट लेकर आ रहे हैं, हमारे व्यापारी बिना किसी दिक्कत नोटों को रख रहे हैं. यह हम ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कर रहे हैं. अगर ग्राहकों के पास 2000 के 8- 10 नोट पड़े हैं और वे बैंकों में परेशान नहीं होना चाहते. तो हमें लेने में कोई हर्ज नहीं है. सब कुछ सकुशल चल रहा है. पहले जैसी मारामारी की स्थिति बिल्कुल भी नहीं है.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 12:06 IST








