
नई दिल्ली. मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए कथित ठग संजय प्रकाश राय ‘शेरपुरिया’ मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate-ED) ने एनडीटीवी के एक पूर्व सीईओ की एक स्पोर्ट्स-टेक स्टार्ट-अप कंपनी पर छापा मारा है. ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर के मुताबिक इस महीने की शुरुआत में ईडी ने कथित तौर पर दिल्ली एनसीआर में MyySports Pvt Ltd के परिसरों पर छापा मारा और 4.6 करोड़ रुपये से अधिक की फिक्स डिपॉजिट को फ्रीज कर दिया. इस कंपनी के फाउंडर और मैनेजर एनडीटीवी समूह के पूर्व सीईओ और सीएफओ सौरव बनर्जी हैं. बताया जा रहा है कि कथित तौर पर शेरपुरिया के फंड को पार्क करने के लिए ईडी इस कंपनी की जांच कर रही है.
शेरपुरिया को उत्तर प्रदेश पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स ने पिछले महीने के अंत में प्रधानमंत्री कार्यालय में कथित रूप से फर्जी तरीके से प्रवेश करने और निजी लाभ के लिए पीएम के नाम का ‘दुरुपयोग’ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. ईडी के एक अधिकारी ने कहा कि ‘शेरपुरिया ने सरकार से जुड़े कामों को कराने में मदद करने के वादे पर कई बिजनेस मैन से कई तरीके से पैसे हासिल किए. ये पैसे अलग-अलग कंपनियों में रखे गए हैं. इनमें से एक MyySports है. हमने यह सुनिश्चित करने के लिए कंपनी की दो अलग-अलग एफडी फ्रीज कर दी हैं कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक फंड डायवर्ट नहीं किया जा सकता है. जबकि बनर्जी इस पूरे मामले पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थे.
.
Tags: Enforcement directorate, Money Laundering, Money Laundering Case
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 09:39 IST








