
आदित्य कृष्ण/अमेठी. रोजगार नहीं मिलने पर कुछ लोग परेशान होकर थक हार कर बैठ जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे लोग हैं जो मुसीबतों का डटकर मुकाबला करते हैं और अंत में आसमान की ऊंचाइयों को छू लेते हैं. इसी में से एक हैं अखिलेश शर्मा, जिन्होंने खुद के रोजगार को शुरू कर एक नया आयाम गढ़ा है. उन्होंने खुद तो रोजगार शुरू किया, साथ ही अन्य लोगों को भी नौकरी दी.
अमेठी जनपद के गौरीगंज तहसील के रौजा गांव के रहने वाले अखिलेश शर्मा ने परास्नातक तक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने एमएसडब्ल्यू का कोर्स किया और कई दिनों तक रोजगार के लिए दरबदर भटकते रहे. जब उन्हें रोजगार नहीं मिला तो शांत बैठने की बजाय उन्होंने खुद के रोजगार की शुरुआत की और अपने भाई के साथ मिलकर मसाले के कारोबार की तरफ अग्रसर होकर अखिल मसाले के नाम से कारोबार शुरू किया और आज इस रोजगार ने अखिलेश शर्मा को जीरो से हीरो बना दिया. आज अखिलेश इसी व्यवसाय से अच्छा खासा पैसा कम आ रहे हैं.
कई प्रकार के मसाले होते हैं तैयार
रौजा गांव स्थित अखिलेश के इस कारखाने में सब्जी मसाले, गरम मसाले, मीट मसाले, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, के साथ राजमा मसाला, रायता मसाला, चना मसाला, जीरा, कश्मीरी मिर्च, सफेद नमक, लहसुन पाउडर, प्याज पाउडर सहित अन्य चीजें तैयार होती हैं. अखिलेश ने अपने साथ अपने कारखाने में 10 अन्य लोगों को जोड़ रखा है.
अखिलेश बताते हैं कि पढ़ाई करने के बाद उन्होंने कई दिनों तक रोजगार के लिए तलाश की. जब उन्हें रोजगार नहीं मिला तो उन्होंने गांव वालों और अपने भाई के सहयोग से मिलकर एक साथ मसाले के कारोबार की शुरुआत की और आज इस कारोबार से उन्हें काफी फायदा होता है. उन्होंने अन्य लोगों को भी रोजगार दिया है. कारखाने में काम करने वाले कारीगर बताते हैं कि उन्हें घर बैठे रोजगार मिल गया है. बाहर जाने की जरूरत नहीं है और आसानी से वह मेहनत करके अच्छा खासा पैसा कमा रहे हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 09:32 IST








