
सौरभ वर्मा
मऊ (उत्तर प्रदेश). महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद विवादों के केंद्र में आए भाजपा सांसद और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने पूछा है कि वास्तव में क्या हुआ? घटना कहां हुई और कैसे हुआ? इनमें से कोई भी विवरण अभी तक सामने नहीं आया है. उत्तर प्रदेश के मऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने ये सवाल पूछे हैं. इससे पहले उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा था कि वे पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए तैयार हैं, लेकिन उस समय आरोप लगाने वाले पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट को भी ऐसा टेस्ट देना होगा. उन्होंने कहा कि मैं नारको टेस्ट तब दूंगा जब विरोध करने वाले पहलवानों का भी यही टेस्ट हो.
इस बीच विनेश फोगाट ने कहा है कि हम सब टेस्ट देने को तैयार हैं और ये टेस्ट लाइव हो ताकि देश की बेटियों के बारे में उनकी क्रूरता को पूरा देश जान सके. विनेश फोगाट ने कहा है कि सिर्फ उनकी ही नहीं बल्कि उन सभी लड़कियों ने इसके लिए तैयार हैं जिन्होंने उनके खिलाफ शिकायत की है. पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया सहित देश के शीर्ष पहलवान, दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन करके महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के लिए सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना जारी
भाजपा सांसद और WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक समेत देश के प्रमुख पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दिल्ली पुलिस बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. वहीं खेल मंत्रालय ने पहलवानों के आरोपों की जांच पूरी होने तक कुश्ती महासंघ की सभी गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है. बजरंग पुनिया ने कहा कि बृजभूषण शरण ने कहा कि वो नार्को टेस्ट (Narco Test) कराने के लिए रेडी हैं, तो हम भी इसके लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि बृजभूषण सिंह 164 के बयान क्यों नहीं दर्ज कराए.
.
Tags: MP Brij Bhushan Sharan Singh, Wfi, Women wrestlers
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 19:27 IST








