कौशांबी
डीएम और एसपी की टीम रातभर बालू घाटों की खाक छानती रही। टीम के निकलने की खबर मिलते ही घाटों पर सन्नाटा छा गया। केवट पुरवा बालू घाट में डीएम के आदेश को दरकिनार कर रात में डंप करने के लिए बालू की निकासी पाई गई। मामले में डीएम के निर्देश पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है। साथ ही 36 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अवैध खनन व परिवहन को लेकर डीएम सुजीत कुमार व एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कड़ा तेवर अपना लिया है। डीएम व एसपी ने शनिवार को बालू ठेकेदारों के साथ बैठक की थी। चेतावनी दी गई थी कि शाम छह बजे के बाद बालू का खनन नहीं होगा। ओवरलोड बालू नहीं बेची जाएगी। बिना धर्म कांटा पर्ची के ट्रक नहीं निकलेंगे। मीटिंग से बाहर निकले ठेकेदार डीएम की इस चेतावनी को लेकर परेशान थे। ठेकेदारों में चर्चा रही कि यदि रात में बालू का खनन नहीं हुआ तो उन्हें भारी नुकसान हो जाएगा। गर्मी के कारण दिन में काम नहीं हो पाता है। बैठक के बाद डीएम व एसपी की टीम बालू घाटों की जांच के लिए रवाना हुई। चायल एसडीएम राहुल देव भट्ट, सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने सरायअकिल के केवट पुरवा बालू घाट में छापा मारा। जांच की गई तो पता चला कि रात में बालू का खनन किया गया था। मामले की जानकारी डीएम को दी गई। डीएम के निर्देश पर बालू घाट के ठेकेदार जगदीश सरोज के खिलाफ अवैध बालू खनन की एफआईआर दर्ज कराई गई। साथ ही 36 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।








