Gopalganj: मजदूरी करने घर से निकला था अधेड़, रेलवे लाइन के किनारे मिला शव, जानिए पत्नी ने क्या कहा…

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोविंद कुमार/ गोपालगंज. पूर्वोत्तर रेलवे के थावे-कप्तानगंज रेलखंड पर पंचदेवरी-सोनपुर पैसेंजर ट्रेन से कटकर एक अधेड़ की मौत हो गयी. घटना कटेया थाना क्षेत्र के बनकटा रेलवे पुल के पास की है. मृतक की पहचान बनकटा गांव के ही सुरेश राम (52 वर्ष) के रूप में की गयी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों ने बताया कि सुरेश राम प्रतिदिन आस-पास के गांवों में मजदूरी करने जाया करता था. शनिवार की सुबह भी वह काम पर जाने के लिए घर से निकला. रात तक जब वापस नहीं लौटा, तो परिजन खोजबीन करने लगे. कहीं पता नहीं चला. इसी बीच रविवार को गांव के पास हीं बनकटा व भगवानपुर के बीच रेलवे लाइन के किनारे शव मिलने की खबर मिली. ग्रामीण व परिजन जब घटना स्थल पर पहुंचे, तो देखा कि सुरेश के दोनों पैर शरीर से अलग हैं और रेलवे लाइन के किनारे शव पड़ा हुआ है.

आपके शहर से (गोपालगंज)

पत्नी ने कहा प्रतिदिन शराब के नशे में घर आता था सुरेश
सुरेश प्रतिदिन शराब पीकर घर आता था. उसकी पत्नी कलावती देवी ने अपना दर्द सुनाते हुए कहा कि मजदूरी में जितने पैसे मिलते थे, सुरेश उसका शराब पी जाते थे. घर से कोई मतलब नहीं रखते थे. परिजन मना करते थे, लेकिन उनपर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ता था. शराब की लत ने उनकी जान ले ली. ग्रामीणों के अनुसार घटना स्थल पर ताड़ी से भरा हुआ बोतल तथा पुड़िया में रखे अन्य नशीले पदार्थ मिले थे. इस वजह से सुरेश की मौत को लेकर लोग कई तरह के कयास लगा रहे हैं. ताड़ी व शराब के नशे में रेलवे लाइन पर सो जाने के कारण हादसा होने की चर्चा गांव में है. पारिवारिक विवाद के कारण डिप्रेशन में आकर ट्रेन से कट जाने का संदेह भी कुछ लोग व्यक्त कर रहे हैं.


पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही है जांच

घटना की सूचना पाकर रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे मामले की जांच की. परिजनों से पूछताछ व विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद कटेया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हालांकि लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. पुलिस फिलहाल कुछ बताने से परहेज कर रही है. परिजन भी तत्काल में कोई विवाद होने की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. हथुआ एसडीपीओ अनुराग कुमार का कहना है कि बनकटा में रेलवे लाइन के किनारे मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों से पूछताछ की गयी है. ग्रामीणों से भी संबंधित जानकारी ली गयी है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

Tags: Bihar News, Gopalganj news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें