
इंफाल: मणिपुर (Manipur) के लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है. प्रदेश में जहां जातीय हिंसा से अफरा-तफरी मचा हुआ है. वहीं पिछले 18 दिनों से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के निलंबन से लोगों का जीवन भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है. यही नहीं तीन मई से इंटरनेट सेवा के निलंबन से महत्वपूर्ण बैंकिंग, सरकारी और गैर-सरकारी सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं.
ऑल ट्राइबल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ मणिपुर द्वारा बुलाए गए ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान राज्य के 10 से अधिक जिलों में हिंसक झड़प हुई थी. इसके बाद सरकार ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन मई को मोबाइल इंटरनेट सेवा को निलंबित कर दिया था.
यह भी पढ़ें- खाप जो फैसला लेंगी उससे देश को नुकसान पहुंच सकता है, विनेश की चेतावनी
राज्य में इंटरनेट सेवाएं बंद होने से आवश्यक वस्तुएं, परिवहन ईंधन और जीवन रक्षक दवाओं की कमी के बीच बैंकिंग और एटीएम सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं. इससे लोगों का जीवन और भी दयनीय हो गया है.
इंटरनेट सेवा के निलंबन से उठी समस्या को देखते हुए विपक्षी पार्टी कांग्रेस, मीडिया के साथ-साथ कई अन्य संगठन के लोग मणिपुर में तत्काल इंटरनेट सेवा को बहाल करने की मांग कर रहे हैं.
मणिपुर कांग्रेस के प्रवक्ता निंगोमबम बुपेंडा मेइतेई ने शनिवार को एक ट्वीट करते हुए हुए कहा, ‘प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कृपया मणिपुर में इंटरनेट प्रतिबंध को हटा दीजिए. आज 20 मई है. 3 मई से इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा हुआ है. मैं आपके ट्वीट नहीं पढ़ सकता, न ही आज के डिजिटल इंडिया में अमित शाह जी के ट्वीट. पीएमओ मणिपुर में सभी के लिए इंटरनेट कब बहाल होगा?’
इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट करते हुए कहा था कि, ‘बैंकिंग, ई-कॉमर्स, ई-बिल का भुगतान, ई-टिकट, व्यवसाय, घर से काम, शिक्षा और कई अन्य आवश्यक सेवाएं ठप हो गई हैं.’
.
Tags: Internet, Manipur, Manipur News
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 19:53 IST








