
बेंगलुरु. कर्नाटक में नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक की जनता को मैं दिल से अपनी ओर से कांग्रेसी पार्टी की ओर से धन्यवाद देता हूं. आपने पूरी तरह कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया. पिछले 5 सालों में आपने कौन सी मुश्किलें सहीं, वह आप और हम जानते हैं. मीडिया में बहुत कम लिखा गया. राहुल गांधी ने कहा कि इस जीत का सिर्फ एक कारण है कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक के गरीबों के साथ पिछड़ों के साथ दलितों के साथ खड़ी हुई है. हमारे पास सच्चाई थी और गरीब लोग थे. बीजेपी के पास धन-दौलत, पॉवर, पुलिस सब कुछ था और उनकी सारी की सारी ताकत को कर्नाटक की जनता ने हरा दिया.
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी नफरत को कर्नाटक की जनता ने हरा दिया और जैसे हमने भारत जोड़ो यात्रा में कहा था कि नफरत को मिटाया मोहब्बत जीती. नफरत के बाजार में कर्नाटक में लाखों मोहब्बत की दुकान खोली है. राहुल ने कहा कि पिछले 5 साल में कर्नाटक ने बहुत सहा है. राहुल गांधी ने कहा कि हमने अपने आपसे जो वादे किए थे, उनको कैबिनेट की पहली बैठक में पूरा किया जाएगा. राहुल ने कहा कि हमारा पहला वादा गृहलक्ष्मी महिलाओं को 2000 रुपये, दूसरा वादा गौरी ज्योति में 200 यूनिट फ्री बिजली, तीसरा वाला 10 किलो चावल हर परिवार को, चौथा वादा शक्ति के तहत महिलाओं को पूरे कर्नाटक में बस में फ्री यात्रा और पांचवा वादा- युवा निधि में 3000 रुपये हर महीने ग्रेजुएट को और 1500 रुपये डिप्लोमा होल्डर को देना है.
राहुल गांधी ने कहा कि मैंने आपसे कहा था कि हम झूठे वादे नहीं करते हैं. जो हम कहते हैं, हम कर दिखाते हैं. एक-दो घंटे में कर्नाटक की नई सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग होगी. उस कैबिनेट मीटिंग में हमारे 5 वादे हैं, वो एक कानून बन जाएंगे. कांग्रेस की सरकार का लक्ष्य हमारे किसान हैं, मजदूर हैं, छोटे दुकानदार हैं. उनकी रक्षा करना और उनके भविष्य को सुनहरा बनाना है. राहुल गांधी ने कहा कि हम आपको एक साफ-सुथरी बिना करप्शन की सरकार देंगे. राहुल ने कहा कि एक बार फिर कर्नाटक के हर युवा माता एवं बहनों को धन्यवाद. आपने अपना प्यार और अपनी शक्ति कांग्रेस पार्टी को दी. हम यह कभी नहीं भूलेंगे. यह सरकार आपकी सरकार, कर्नाटक के जनता की सरकार है और यह दिल से आपके लिए काम करेगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 13:49 IST








