
हाइलाइट्स
आम आदमी भी इस कोटे के लिए आवेदन कर सकता है.
इस कोटे का इस्तेमाल टिकट बुकिंग के समय नहीं किया जाता है.
इसमें पहले यात्री को सामान्य वेटिंग लिस्ट वाली टिकट लेनी होती है.
नई दिल्ली. भारत में अगर त्योहारी सीजन में ट्रेन से यात्रा करनी हो तो कई महीने पहले टिकट लेनी पड़ती है. कई रूट पर तो सालभर टिकट वेटिंग में ही नजर आती है. ऐसे में कई ऐसे तरीके हैं, जिन्हें अपनाकर आप कंफर्म टिकट पा सकते हैं. टिकट वेटिंग में होने पर रेलवे की ओर से तत्काल कोटा या प्रीमियम तत्काल कोटा की सुविधा दी गई है. लेकिन कई बार इससे भी टिकट लेने पर वेटिंग में चला जाता है. ऐसे में आप रेलवे के दूसरे कोटे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
एक ऐसा ही कोटा और होता है जिसके उपयोग से ट्रेन का चार्ट बनने के समय भी आपकी टिकट कन्फर्म हो सकती है. इसे कोटे की खास बात ये है कि इसमें वेटिंग लिस्ट भी कंफर्म हो जाती है. यह कोटा है एचओ कोटा (HO Quota), इसे हेड क्वार्टर (Head Quarters) या हाई ऑफिशियल ( High Official Quota) कोटा कहते हैं. इसे इमरजेंसी कोटा या वीआईपी कोटा भी कहा जाता है. आइये जानते हैं एचओ कोटा से कौन कन्फर्म बर्थ प्राप्त कर सकता है (HO Quota in Railway) और इसके लिए क्या करना होता है.
कैसे मिलती है कंफर्म टिकट
इस कोटे का इस्तेमाल टिकट बुकिंग के समय नहीं किया जाता है. इसमें पहले यात्री को सामान्य वेटिंग लिस्ट वाली टिकट लेनी होती है और फिर वो टिकट हेड क्वार्टर के जरिए कंफर्म की जाती है. ये कोटा इमरजेंसी में यात्रा करने वाले लोगों के लिए और वीआईपी लोगों के लिए होता है. अधिकतर वीआईपी लोगों को ही इसका फायदा मिलता है, लेकिन कुछ परिस्थिति में नॉर्मल लोग भी इसका फायदा ले सकते हैं.
रेलवे अधिकारियों, वीआईपी, नौकरशाहों आदि के लिए कम संख्या में सीटें / बर्थ आरक्षित होती हैं. इसलिए सीटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाता है. कोटा उन टिकटों पर लागू किया जा सकता है जो सामान्य कोटा में बुक किए गए हैं लेकिन वेटिंग लिस्ट में हैं. चार्ट बनने के वक्त ही टिकट कंफर्म होने का पता चल पाता है.
आम आदमी भी HO कोटा के लिए कैसे कर सकते हैं आवेदन
आम आदमी भी इस कोटे के लिए आवेदन कर सकता है. HO कोटे के लिए आवेदन करने के लिए यात्रा की तारीख से एक दिन पहले इमरजेंसी की स्थिति को साबित करने वाले सभी दस्तावेजों के साथ मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक को अनुरोध करते हुए आवेदन (इमरजेंसी कोटा (EQ) फॉर्म) प्रस्तुत करना होता है. इसके अलावा एचओ कोटे से बर्थ जारी करने के लिए लिखित अनुरोध (आवेदन) पर राजपत्रित अधिकारी द्वारा हस्ताक्षर करवाने होते हैं. इसके बाद इसकी जानकारी मंडल/ जोनल ऑफिस के पास भेजी जाती है और फिर अप्रूव होने पर टिकट कंफर्म हो जाती है.
.
Tags: Indian railway, Indian Railways, Irctc, Train ticket
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 12:31 IST








