
सप्ताह भर की क्रिकेट गतिविधियों को समेटे इस पॉडकास्ट के साथ मैं हाजिर हूँ, संजय बैनर्जी का नमस्कार- सुनो दिल से. विराट कोहली इस सत्र में शानदार फॉर्म में हैं, और आईपीएल में कोहली के चाहने वालों की शतक देखने की ख्वाहिश आखिर चार साल बाद कल रात पूरी हुई. इस शतक ने उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर को प्लेऑफ की खुशबू तो दी है, लेकिन प्लेऑफ बर्थ की कन्फर्मेशन अभी तय नहीं है. बहुत कुछ गणितीय समीकरण पर निर्भर करेगा. कल रात जिस तरह से आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से शिकस्त दी, वैसा प्रदर्शन इस टीम ने पहले दिखाया होता तो अब तक मामला जम चुका होता.
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले खेलते हुए 186 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसमें हेनरिक क्लासेन के शतक का खासा योगदान रहा. पहले ही बाहर हो चुकी हैदराबाद के लिए अकेले क्लासेन ने क्लास देखने को मिला, वरना बाकी बल्लेबाज ओवर बेकार करते रहे. जवाबी पारी में आरसीबी ने धांसू बल्लेबाजी की. कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली सीज़न में लगातार बेहतर करते रहे हैं और इस मैच में भी वैसा ही परफॉर्मेंस किया. हैदराबाद के गेंदबाजों की दोनों ने मिलकर धज्जियां उड़ा दीं. एक तरह से विराट और डू प्लेसिस चेज करने की कोशिश में एक दूसरे को पीछे छोड़ने में लगे रहे.
फाफ डू प्लेसिस दूसरे विकेट के रूप में उस समय आउट हुए जब जीत बिलकुल करीब आ पहुंची थी. विराट ने सबसे आउट होने से पहले भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर छक्का लगाकर सीजन का अपना पहला और कुल छठा शतक पूरा कर लिया. इसके साथ ही विराट अब क्रिस गेल की तरह सबसे ज्यादा छह शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए है.
आईपीएल के इस सीजन की कशमकश का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 65 मैचों के बाद महज एक टीम प्लेआफ में जा सकी है. आज रात होने वाला मुकाबला भी किसी और टीम की प्ले ऑफ एंट्री को कन्फर्म नहीं कर सकेगा. ऐसा लगता है कि कल से ही बाकी बची टीमों का अंतिम चार में जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा. फिलहाल गुजरात टाइटंस ने अपनी पहली पोजिशन बरकरार रखी है, जबकि बाकी तीन जगहों के लिए चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंटस, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर प्रबल दावेदार हैं.
धर्मशाला में आज रात पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स भिड़ रहे हैं. पिछली बार राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा था. उधर पिछला मैच जब पंजाब ने राजस्थान के खिलाफ खेला था तब गुवाहाटी उसके लिए होम ग्राउंड था और उसने वह मुकाबला पांच रन से जीता था. उस मैच में प्रभसिमरन सिंह ने 60 और कप्तान शिखर धवन ने 86 रन की पारी खेली थी, नाथन एलिस चार विकेट लेकर मैन आॅफ द मैच थे . इस बार मैच धर्मशाला में है और यह भी पंजाब किंग्स के लिए होम ग्राउंड ही है. हालांकि दो दिन पहले जब धर्मशाला में ही मैच हुआ था तब पंजाब को दिल्ली के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. आज रात अगर उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत मिल भी जाती है तो भी उसका आगे जाना तय नहीं है.
दिलचस्प यह कि इस हफ्ते जहां पांच बल्लेबाजों ने शतक जमाया वही तीन गेंदबाजों ने भी पारी में चार या अधिक विकेट लेने का करिश्मा दिखाया. लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ऐसी टीम रही जिसने अपने दोनों मैच जीते. इसी तरह सनराइजर्स हैदराबाद को तीनों मुकाबले गंवाने पड़े.
कल रात से पहले तक मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव, पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह और गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल ने शतक जमाकर दर्शकों का दिल जीता. खासकर सूर्यकुमार यादव जिस तरह से रन बटोर रहे हैं वह काबिलेतारीफ है. यह अलग बात है कि गुजरात के खिलाफ उन्होंने बिलकुल आखिरी गेंद पर अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया. उनके शतक में छह छक्कों ने गेंदबाजों को सांस लेने की फुर्सत नहीं दी. गुजरात-मुंबई मैच में अफगानी खिलाड़ी राशिद खान ने पहले चार विकेट लेने का कमाल दिखाते हुए टी 20 मैचेज में 550 विकेटस पूरे किए और फिर आतिशी बल्लेबाजी कर एक समय मुंबई के खेमे में हलचल मचा दी. राशिद ने नाबाद 79 रन की पारी खेली. जब तक वह क्रीज पर थे, गुजरात को 219 रन का टारगेट हासिल कर लेने का भरोसा था, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा सके.
शुभमन गिल के शतक की वजह से गुजराज ने हैदराबाद के खिलाफ आसान जीत हासिल की. शुभमन एक सप्ताह पहले ही जीत के लिए रन बाकी नहीं होने की वजह से लखनऊ के खिलाफ अपना शतक पूरा नहीं कर सके थे. हैदराबाद के खिलाफ इस शतक में केवल एक छक्का शामिल था. इस पारी की खासियत यह रही कि शुभमन गिल के पहले 50 रन में कोई सिक्स नहीं था और ऐसा प्रदर्शन करने वाले वह पिछले 13 सालों में सचिन तेंदुलकर के बाद पहले खिलाड़ी हैं. इस युवा बल्लेबाज ने इस साल अपनी बल्लेबाजी का फिर लोहा मनवाया है. टेस्ट, वनडे और टी-20 इंटरनेशनल के बाद बाद अब उन्होंने आईपीएल में भी शतक जड़ा है.
पंजाब किंग्स को प्लेआॅफ में जाने के लिए जी-तोड़ मेहनत करनी पड़ रही है तो उसके ओपनर प्रभसिमरन सिंह को भी रन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. फिर भी उन्होंने दिल्ली के खिलाफ शतक जड़कर अपना नाम सुर्खियों में रखा. दिल्ली और पंजाब के बीच केवल चार दिनों के अंतराल में दो बार टक्कर हुई, जिसके पहले मैच में प्रभसिमरन ने 103 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी. इससे पहले सिर्फ एक बार प्रभसिमरन ने अर्धशतक जमाया था. वह इस दौरान पांच बार टीम के इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे, पर शतक को छोड़कर कोई खास असर नहीं छोड़ सके.
गुजरात-हैदराबाद मुकाबले में बल्लेबाजों के अलावा गेंदबाजों का भी जलवा रहा. पहले हैदराबाद के भुवनेश्वर कुमार ने पांच विकेट लेकर गुजरात को 188 पर रोक दिया, लेकिन बाद में मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने चार-चार विकेट चटकाकर हैदराबाद को हार के लिए मजबूर कर दिया. शमी लगातार पावर प्ले में अपना असर दिखा रहे हैं. उनके नाम पहले छह ओवरों में सबसे ज्यादा 15 विकेट भी हैं. इसी मैच में सभी 17 विकेट तेज गेंदबाजों के नाम रहे. ऐसा आईपीएल में पहली बार हुआ.
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम लोकेश राहुल के बिना भी इस हफ्ते दोनों मैचों में पूरे अंक लेने में कामयाब रही. नये कप्तान क्रुणाल पंड्या लगातार खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करवाने में कामयाब रहे. खुद भी उन्होंने मुंबई के खिलाफ नाबाद 49 रन की पारी खेली. इस मैच में एक समय लखनऊ की टीम हार की तरफ थी, लेकिन आखिरी ओवर में मोहसिन खान को गेंद देकर क्रुणाल ने काफी हिम्मत दिखाई, क्योंकि सीजन में उनका यह केवल तीसरा मैच था. मोहसिन ने 11 रन बचाकर खुद को सुर्खियों में ला दिया.
इधर कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसी के मैदान पर हराकर उसके प्लेआॅफ में जाने के इंतजार को बढ़ा दिया. धोनी के लिए यह मैच काफी इमोशनल था, क्योंकि प्लेआॅफ से पहले इस मैदान पर यह उनका आखिरी मैच माना जा रहा था . अगर यह मैच चेन्नई जीत गया होता तो प्लेआॅफ में जगह तय हो जाती. अब उसे इसके लिए कल दिल्ली के खिलाफ कोटला पर होने वाले मैच का इंतजार करना होगा.
वैसे जिन दो बल्लेबाजों ने इस सीजन में अपनी टीम के लिए हमेशा उम्मीदों पर खरा उतरने का करिश्मा दिखाया वह कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा और रिंकु सिंह हैं. दोनों लगातार विस्फोटक बैटिंग कर रहे हैं. बावजूद इसके, कोलकाता का प्लेआॅफ में पहुंचना मुश्किल दिख रहा है.
बाहर होने के बावजूद कप्तान डेविड वार्नर दिल्ली के लिए लगातार अपने बल्ले से रन बना रहे हैं. हालांकि परसो वह पंजाब के खिलाफ 46 पर आउट हो गये, पर वार्नर ने पृथ्वी शॉ के साथ पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर 213 रन के टोटल की बड़ी नीव तैयार कर दी थी. वैसे पृथ्वी शॉ को लगातार छह मैचों में बाहर रखने के बाद इस मुकाबले में मौका दिया गया और उसने निराश भी नहीं किया. पृथ्वी ने सत्र का पहला अर्धशतक जमाया. यह था, सप्ताह भर की क्रिकेट गतिविधियों पर आधारित पॉडकास्ट-सुनो दिल से. संजय बैनर्जी को अनुमति दीजिए नमस्कार.








