
हाइलाइट्स
गूगल सीईओ सुंदर पिचाई कई स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं.
टेस्टिंग के लिए वे दूसरी कंपनियों के फोन पर हाथ आजमाते हैं.
गूगल पिक्सेल फोल्ड का इस्तेमाल वे लंबे समय से कर रहे हैं.
Sundar Pichai’s Favourite Phone: गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) क्या अपनी कंपनी के फोन इस्तेमाल करते हैं या फिर किसी अन्य कंपनी के फोन भी यूज करते हैं? इस सवाल का जवाब खुद पिचाई ने ही दे दिया है. यूट्यूबर अरूण मानी के साथ बातचीत में गूगल के बॉस (Google CEO) ने बताया कि वे हाल ही में लॉन्च हुए गूगल पिक्सेल फोल्ड (Google Pixel Fold) फोन का प्रयोग कर रहे हैं. हालांकि, उनका सबसे पसंदीदा फोन पिक्सेल 7 प्रो (Pixel 7 Pro) है. Google के सीईओ ने स्वीकार किया कि वे परीक्षण उद्देश्यों के लिए सैमसंग गैलेक्सी और आईफोन का भी उपयोग करते हैं. उनका कहना था कि सफर के दौरान वे पिक्सेल फोल्ड की जगह पिक्सल 7 प्रो को इस्तेमाल करने को प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि यह हल्का है.
पिचाई ने खुलासा किया कि वे टेस्टिंग के लिए लंबे समय से पिक्सेल फोल्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि वे इसके साथ फेमिलियर हो सकें. पिचाई ने कहा कि आम दिनों में यूज के लिए और खासकर सफर में वे पिक्सेल 7 प्रो को ही प्राथमिकता देते हैं. अरूण मानी के साथ सुंदर पिचाई के इंटरव्यू के वीडियो को 4 दिन पहले यूट्यूब पर अपलोड किया गया था. वीडियो इंटरव्यू को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और 2.5 मिलियन से ज्यादा लोग इसे देख चुके हैं.
1.47 लाख रुपये है कीमत
गूगल ने I/O 2023 डेवलपर कॉन्फ्रेंस में अपने पहले फोल्डेबल फोन Google Pixel Fold को लॉन्च किया था. इसकी कीमत $1,799 (1.47 लाख रुपये) रखी गई है. यह फोल्डेबल फोन 5.8 इंच के कॉम्पैक्ट डिवाइस से 7.6 इंच के टैबलेट में बदल जाता है, जो यूज़र्स को ऐप चलाने, वीडियो गेम खेलने, वीडियो स्ट्रीम करने और फाइलों को एडिट करने के लिए एक बड़ी स्क्रीन प्रदान करता है. पिक्सेल फोल्ड में मिलने वाली दोनों स्क्रीन OLED पैनल के साथ आती हैं, जिनमें 120Hz रिफ्रेश रेट हैं और इनर स्क्रीन अल्ट्राथिन ग्लास के साथ पेश की गई है. फोल्डेबल स्मार्टफोन Tensor 2 पर चलता है और 12GB रैम के साथ आता है.
दमदार है कैमरा
पिक्सेल फोल्ड में ट्रिपल रियर कैमरा लगा है. यह f/1.7 अपर्चर और OIS के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमेरी कैमरा, f/2.22 अपर्चर के साथ 10.8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा और f/3.05 अपर्चर के साथ 10.8 मेगापिक्सल के साथ 5x ऑप्टिकल ज़ूम टेलीफोटो लेंस से लैस है.
.
Tags: Business news in hindi, Google, Google CEO Sundar Pichai, Smartphone
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 21:33 IST








