
नई दिल्ली. पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में इससे प्रेरित चक्रवाती हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और राजधानी दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े हैं. अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़, मोहाली, अंबाला, करनाल, हिसार, भिवानी, कुरुक्षेत्र, रोहतक और दिल्ली-एनसीआर जैसे कई स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई है. राजस्थान के कुछ शहरों जैसे गंगानगर, जयपुर, चूरू, सीकर और भीलवाड़ा में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है. उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग स्टेशनों पर ओलावृष्टि देखी गई है. इन जगहों पर करीब चार से पांच डिग्री तापमान में गिरावट नजर आ रहा है.
बताया जा रहा है कि गुरुवार से तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी, लेकिन पिछले 24 घंटों में उतनी वृद्धि दर्ज नहीं हुई है. शुक्रवार से तापमान में करीब दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. राजस्थान और दिल्ली से सटे पंजाब और हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों में तापमान करीब 42 से 43 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- इस साल 1 जनवरी से 15 मई के बीच 33 लाख तीर्थयात्रियों ने वैष्णो देवी के किए दर्शन
आगामी सप्ताह में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना नजर आ रही है. पश्चिमी विक्षोभ और इसका प्रेरित परिसंचरण उत्तरी मैदानी इलाकों में स्थिति को मोड़ने के लिए काम कर रहा है. 22 से 28 के मई के बीच कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है.








