
सोनिया मिश्रा/रुद्रप्रयाग. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम को संवारने का काम तेजी से चल रहा है. जहां पहले चरण में मंदिर परिसर के विस्तार के साथ ही मंदिर मार्ग और गोल प्लाजा का निर्माण किया गया था. वहीं, अब दूसरे चरण का काम चल रहा है. इसके तहत केदारनाथ धाम के गर्भगृह, दीवारों सहित छत को 550 सोने की परतों से संवारा गया था. अब धाम में 60 क्विंटल वजनी कांसे का भव्य ऊं की आकृति स्थापित की जा रही है, जिससे धाम की शोभा में चार चांद लग जायेंगे. ओम की आकृति गोल प्लाजा में स्थापित की जा रही है. जबकि यह 60 क्विंटल की आकृति गुजरात के बड़ौदा बनी है.
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और लोनिवि ने हाइड्रा मशीन की मदद से ऊं आकृति को गोल प्लाजा में स्थापित करने के लिए ट्रायल किया, जो कि पूरी तरह से सफल रहा. कार्यदायी संस्था के ईई विनय झिक्वांण ने बताया कि ऊं की आकृति को पूरी तरह से सुरक्षित करने के लिए इसके चारों तरफ से तांबे से वेल्डिंग की जाएगी. साथ ही बीच के हिस्से के साथ ही किनारों को भी सुरक्षित किया जाएगा, जिससे बर्फबारी के समय में इसे किसी भी तरह का नुकसान न हो. लगभग एक सप्ताह के भीतर ऊं आकृति को स्थायी रूप से मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा.
रुद्रप्रयाग जिले के जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि केदारनाथ गोल प्लाजा में ऊं की आकृति स्थापित होने से वहां की भव्यता और अधिक बढ़ जाएगी. डीडीएमए द्वारा ऊं आकृति को स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा रही हैं.
.
Tags: Chamoli News, Kedarnath Dham, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 15:06 IST








