
प्रदीप कश्यप/सतना: सतना में खून बेचकर अपना सिलेंडर खरीदने वाले एक पिता ने आर्थिक तंगी से परेशान अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी. इस पिता की बेटी दिव्यांग थी, जिसने कक्षा दसवीं में 76% अंक लाकर नाम रोशन किया था. उस वक्त खुद जिला कलेक्टर ने इस मेधावी छात्रा का सम्मान किया था.
घर के मुखिया के जाने के बाद सब कुछ बिखर गया था, लेकिन अब इस परिवार में फिर से खुशियां लौट आई हैं. पिता के सुसाइड कर लेने के बाद समाजसेवी संस्थाओं एवं प्रशासन ने इस परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया है. अब इनका अपना घर है, जो पीएम आवास के तहत दिया गया है.
घटना ने झकझोर दिया था
यह मामला शहर के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी मृतक प्रमोद गुप्ता के परिवार का है, जिसके लिए 19 अप्रैल 2023 का दिन असहनीय रहा था. कारण यह कि इसी दिन परिवार के मुखिया और दिव्यांग बेटी की पिता ने रेलवे ट्रैक के नीचे जाकर आत्महत्या की थी. दरअसल प्रमोद गुप्ता अपने परिवार को लेकर आर्थिक तंगी से बेहद परेशान थे और मजबूरन उन्होंने ये घातक कदम उठाया था. पिता की मौत के बाद बेटी ने शासन-प्रशासन पर सवालिया निशान लगाए थे. इस घटना ने सतना शहर के लोगों और प्रशासन को झकझोर कर रख दिया था. खबर प्रकाश में आने के बाद कई समाजसेवी संस्थाएं और प्रशासनिक अधिकारी आगे आए और जैसे भी हो परिवार की मदद करने लगे. इसी के तहत मंगलवार को प्रशासन ने इस बेसहारा बेटी को किराए के मकान से मुक्ति दिलाकर मां के नाम पर पीएम आवास की चाबी सौंपी.
बेटी ने कहा…सबका मिला सहयोग
मृतक प्रमोद गुप्ता की दिव्यांग बेटी अनुष्का गुप्ता को नगर निगम महापौर योगेश ताम्रकार और कमिश्नर राजेश शाही, निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ने अनुष्का की माता राधा देवी गुप्ता के नाम प्रधानमंत्री आवास क्रमांक E-44/001 की चाबी सौंपी. पीएम आवास मिलने के बाद दिव्यांग बेटी अनुष्का गुप्ता और उसके परिजनों के चेहरे में खुशियां लौट आईं. उन्होंने शासन प्रशासन एवं समाजसेवियों की सराहना की, बेटी अनुष्का गुप्ता ने कहा कि मेरे पिता की मौत के बाद हमें सभी का भरपूर सहयोग मिला, जिससे कि हम अपना आगे का जीवन यापन कर सकेंगे.
समाजसेवियों ने जुटाए आवास के लिए पैसे
जानकारी के मुताबिक, पीएम आवास की राशि समाजसेवियों के द्वारा एकत्र की गई और उसे नगर निगम में जमा कराया गया, जिसके बाद निगम प्रशासन ने तत्काल इस संवेदनशील मामले को देखते हुए परिवार को पीएम आवास स्वीकृत करा दिया. इस बारे में महापौर योगेश ताम्रकार का कहना है कि बीते दिनों कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे एक पिता ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया था. यह मामला मानवता से जुड़ा था, ऐसे में इस परिवार को प्रधानमंत्री आवास निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया गया है, ताकि जो बेटी बीते 5 सालों से बिस्तर में रहकर अपना जीवन व्यतीत कर रही है, उसे कुछ खुशियां दी जा सकें.
नियमों को ताक पर रखा गया
मेयर ने कहा कि सभी नियमों को ताक पर रखते हुए इस परिवार को पीएम आवास सौंपा गया है. यह परिवार इस पीएम आवास को पाकर बेहद खुश भी है, इसी तरीके से हम आगे भी इस परिवार की मदद करते रहेंगे.
.
Tags: Mp news, PM awas, Satna news
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 21:41 IST








