
सुधीर जैन/रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में एक शख्स ने चरित्र शंका में अपनी पत्नी की जान ले ली. इसके बाद, उसने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना आलोट कस्बे के तालोद गांव की है. मृतक दंपति के दोनों बच्चों ने पुलिस को अपने मां-बाप के बीच चल रहे विवाद की जानकारी दी, तो इसे सुन कर वो सन्न रह गई. दरअसल पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. इसको लेकर रोज उनके बीच झगड़ा होता था.
मिली जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय बालू सिंह ने अपनी पत्नी तेजूबाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या (Wife Murder) कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद पति ने घर में ही फांसी लगा कर अपनी जान दे दी. मंगलवार की सुबह जब परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका तो वो दंग रह गए. बालू सिंह की लाश फंदे पर झूल रही थी, जबकि उसकी पत्नी लहूलुहान नीचे पड़ी थी.
घटना के समय उनके दोनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे. वो अपनी बुआ और मामा के घर गए हुए थे. पुलिस ने जब बच्चों से पूछताछ की तो वारदात की असली वजह का खुलासा हुआ. बच्चों ने पुलिस को बताया कि पापा, मम्मी के चरित्र पर शंका करते थे. वो आए दिन दारू पीकर उनसे मारपीट करते थे. उनके बीच विवाद इस हद तक पहुंच गया कि चरित्र शंका में पापा ने मम्मी की जान ले ली. इसके बाद वो फंदे पर झूल गये.
सूचना मिलने पर पुलिस एफएसएल की टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर पति-पत्नी के शव को आलोट के सरकारी अस्पताल भिजवाया. पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गये है. आलोट थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है.
.
Tags: Crime News, Mp news, Ratlam news, Wife killed, Wife murder
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 11:38 IST









