पति गया परदेस तो देवर को दिल दे बैठी पत्नी, पाने के लिये खौफनाक साजिश, खुद ही उजाड़ा सुहाग

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेगूसराय. शादी के बाद पति परदेस रहने लगा तो पत्नी देवर के करीब आ गई. दोनों में इतनी करीबी बढ़ गई कि एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे और ये रिश्ता नाजायज संबंध में बदल गया. ऐसे में जब पति वापस लौटा तो उसने देवर के साथ मिलकर न केवल उसे हटाने की साजिश रची, बल्कि मौत के घाट भी उतरवा दिया. प्रेम-प्रसंग और अवैध रिश्ते में कत्ल की ये घटना बिहार की है.

बिहार में बेगूसराय की पुलिस ने बछवाड़ा थाना क्षेत्र में 15 दिन पूर्व हुए शिवम कुमार हत्याकांड का खुलासा कर लिया है. साथ ही साथ उक्त घटना के आरोपी मृतक शिवम कुमार के भाई शुभम कुमार ,पत्नी चांदनी कुमारी एवं स्थानीय अपराधी राज किशोर कुमार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्त में आए अपराधियों के पास पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल को भी बरामद कर लिया है साथ ही लूटी गई बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है. घटना के संबंध में बेगूसराय के एसपी ने बताया कि 15 दिन पूर्व शिवम कुमार नामक युवक की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह बछवाड़ा थाना क्षेत्र के मजोस डीह पर मेला देखने जा रहा था.

घटना के बाद तेघड़ा के डीएसपी रविंद्र मोहन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और मोबाइल सर्विलांस एवं अन्य तकनीकी आधार से पूरे मामले की छानबीन शुरू की गई. तब घटना परत दर परत खुलती चली गई और जब पूरा मामला निकल कर सामने आया तो पुलिस भी सकते में रह गई. पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग की वजह से शिवम कुमार की हत्या उसके भाई एवं पत्नी ने ही साजिश रचकर की थी. बताया जा रहा है कि शिवम कुमार गुजरात में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था और कभी कभार ही घर आता था.

इसी दौरान शिवम कुमार की पत्नी चांदनी कुमारी एवं उसके भाई शुभम कुमार की नजदीकियां बढ़ने लगी और दोनों में प्रेम हो गया, लेकिन इस बार जब शिवम कुमार घर आया तो अपनी पत्नी को साथ ले जाने की जिद करने लगा जिससे कि उसका भाई शुभम कुमार एवं पत्नी चांदनी कुमारी क्रोधित हो गए और फिर घटना की साजिश करने लगे. साजिश के तहत शिवम कुमार को शुभम कुमार मेला दिखाने ले गया लेकिन चिन्हित जगह पर पैसा के गिर जाने की बात कहकर बाइक को रोक लिया और पैसा ढूंढने लगा.

इतने में ही पूर्व से घात लगाए अपराधि राजकिशोर कुमार ने बाहर निकल कर शिवम कुमार को गोली मार दी तथा घटना को लूट साबित करने के लिए उसकी बाइक लेकर फरार हो गया. लेकिन जब पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में सारे मामलों पर से पर्दा उठाया और अपराधियों को गिरफ्तार किया तो गिरफ्त में आए अपराधियों ने उक्त घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. फिलहाल पुलिस इसे बड़ी कामयाबी मान रही है. एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत भी किया जाएगा.

Tags: Begusarai news, Bihar News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें