
गुलशन सिंह/बक्सर. बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ ने जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए सोहनीपट्टी स्थित जिला कार्यालय में एक समारोह का आयोजन किया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेन्द्र तिवारी और संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया. इस दौरान मिलिट्री स्कूल अजमेर में अपनी प्रतिभा के दम पर पढ़ने के लिए चयनित अभिनव राज को सम्मानित किया गया.
सैनिक संघ के अध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने कहा कि मिलिट्री स्कूल में सोहनीपट्टी के अजय यादव के पुत्र अभिनव का नामांकन होना गर्व की बात है. इससे जिले के दूसरे बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी.
CBSE 10वीं-12वीं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र भी सम्मानित
हरेंद्र तिवारी ने कहा कि मिलिट्री स्कूल में 80 प्रतिशत आरक्षण सैनिकों के बच्चों के लिए होता है और 20 प्रतिशत में विभिन्न राज्यों के आम लोगों के बच्चों का नामांकन होता है. इसमें प्रतिभावान छात्रों का ही नामांकन हो पाता है. उन्होंने कहा कि पूरे देश में 20 प्रतिशत सीट में अभिनव राज ने अपने टैलेंट के बल पर स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि बच्चे की हौसला अफजाई करने के लिए पूर्व सैनिक संघ की ओर से अभिनव राज को सम्मानित किया गया. इसके अलावा सीबीएसई बोर्ड के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट में भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सैनिक संघ की ओर से पुरस्कृत किया गया.
एनसीसी कैडेट को भी किया गया सम्मानित
संघ के जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे ने बताया कि सैनिक के पुत्र कमलेश कुमार जो दोनों आंखों से दिव्यांग है, उसको पेंशन का लाभ दिलाने में सैनिक संघ को जिला प्रशासन ने भी सहयोग किया है. उन्होंने बताया कि डीएम अंशुल अग्रवाल और सदर एसडीओ धीरेंद्र मिश्रा की तत्परता से सैनिक पुत्र कमलेश कुमार को वर्षों बाद राजपुर के सीओ द्वारा प्रमाण पत्र जारी किया गया है. इससे पेंशन योजना का लाभ जल्द मिल पाएगा.
उपाध्यक्ष ने बताया कि संघ की ओर से 30 बिहार बटालियन एनसीसी के लगभग 25 लड़के और लड़कियों को भी सम्मानित किया गया. इस अवसर पर जेपी सिंह, आरबी ओझा, आरबी सिंह, राजबलि सिंह, अलख नारायण श्रीवास्तव, संजय पाठक व सुरेन्द्र सिंह सहित सैनिक संघ के कई सदस्य उपस्थित रहे.
.
Tags: Bihar News, Buxar news, Latest hindi news, Sainik School
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 17:31 IST








