
मदर्स डे (Mothers Day) पर कई लोगों ने अपनी मां को शानदार तोहफे दिए. लेकिन एक शख्स ने ऐसी सौगात दी कि जिसकी सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है. मां ब्रेन ट्यूमर से जूझ रही थी. इजाज की वजह से उनके सिर के सारे बाल झड़ गए थे. बेटा मां को इस हालत में नहीं देखना चाहता था तो उसने ढाई साल तक अपने बाल बढ़ाए, और उन्हीं बालों से मां के लिए बिग बनवाया.
मामला, अमेरिका के एरिजोना का है. 61 साल की मेलानी शाहा को डॉक्टरों ने बताया कि उनकी पिट्यूटरी ग्लैंड में एक ब्रेन ट्यूमर है. द नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के अनुसार, पिट्यूटरी ग्रंथि मस्तिष्क के आधार से जुड़ा एक छोटा अंग होता है जो हार्मोन बनाता है. यही शरीर के विकास और प्रजनन क्षमता जैसे कार्यों को नियंत्रित करता है. ट्यूमर को हटाने के लिए डॉक्टरों ने सर्जरी की लेकिन कुछ ही महीनों बाद वह फिर लौट आया. डॉक्टरों ने फिर ऑपरेट किया. मगर तीसरी बार उसने अटैक कर दिया. लगातार इलाज की वजह से महिला के शरीर के सारे बाल झड़ गए.
बीमार होने से फर्क नहीं पड़ता, बीमार दिखना नहीं चाहती
नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के अनुसार, रेडिएशन की वजह से शरीर के उस हिस्से पर बाल नहीं रुकते जहां इलाज किया जाता है. कुछ लोगों में यह तीन या छह महीने में फिर आने शुरू होते हैं लेकिन फिर हाई रेडिएशन की वजह से इतने पतले और बेकार होते हैं कि गिर जाते हैं. मेलानी ने कहा, मुझे बीमार होने से फर्क नहीं पड़ता, लेकिन मैं बीमार दिखना नहीं चाहती. मुझे लोगों से घुलना-मिलना और बात करना पसंद है. मेलानी ने टुडे को बताया कि एक दिन हम सभी खाना खा रहे थे तभी बेटे मैट ने मजाक में कहा, मैं आपके लिए विग बनाने के लिए अपने बाल क्यों नहीं बढ़ाऊं? उस समय तो सब हंस दिए लेकिन, सच में मैट ने यही किया. ढाई साल तो उसने अपने बाल ही नहीं कटवाए. फिर एक दिन उसने बाल कटवाए और सभी बालों को कैलिफ़ोर्निया के एक शोरूम को भेजा, जहां हाथ से सिले हुए बिग बनाए जाते हैं. बिग की कीमत 2000 डॉलर के आसपास थी.
छोटी सी कहानी दूर-दूर तक फैल गई
मेलानी ने कहा, इसका रंग बेहद शानदार है और सबसे खुशी की बात है कि यह मेरे बेटे के बालों का है, जो हमेशा उसकी याद दिलाता रहता है. मेलानी और मैट की कहानी इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है. इनसाइडर को मेलानी ने बताया कि वह इतने खुश थे कि इतने सारे लोगों ने प्रतिक्रिया दी. मेलानी ने कहा, मैं बहुत हैरान हूं कि हमारी छोटी सी कहानी दूर-दूर तक फैल गई, लेकिन मैं बहुत खुश हूं कि इस तरह मेरे बेटे को एक नई पहचान मिली.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bizarre news, OMG News, Trending news, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 11:54 IST








