
सुनील रजक/शिवपुरी: राजस्थान की गर्म हवाओं ने एमपी के कुछ शहरों को भी अपनी चपेट में ले लिया है. राजस्थान सीमा से लगे शिवपुरी में रविवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आसमान से बरसती आग ने शहर की सड़कों पर मानों लॉकडाउन लगा दिया हो. दिनभर गर्म हवा चलती रही और जो लोग घर से बाहर निकले वह छाया तलाशते रहे. हालांकि, तापमान में शनिवार के मुकाबले मामूली कमी देखी गई, लेकिन गर्मी उतनी ही महसूस हुई.
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं की वजह से गर्मी बढ़ रही है. वहीं नमी को मोचा तूफान ने खींच लिया है और पश्चिमी हवा की गति भी अधिक है. इन फैक्टरों के कारण तेज गर्मी का अहसास हो रहा है. सुबह 9 बजे से ही तेज गर्मी का अहसास हो रहा है. हालांकि, रविवार को कुछ समय के लिए हल्के बादल हुए, लेकिन जल्द ही आसमान साफ हो गया और सूरज की किरणें सीधे पड़ने लगीं.
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा. शनिवार को अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. बता दें कि मई की शुरुआत में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. 8 मई तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहा. न्यूनतम तापमान भी इस दौरान कम रहा था.
गर्मी से यह भी पड़ा असर
अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है. सामान्य ओपीडी बढ़कर एक हजार तक पहुंच गई है. वहीं भर्ती मरीजों की संख्या भी अस्पताल की क्षमता से अधिक हो गई है. एसी-कूलर अधिक चलने से बिजली का लोड भी बढ़ रहा है. लोड और तापमान बढ़ने से ट्रिपिंग की समस्या भी आ रही है।गर्मी बढ़ने के साथ ही शीतल पेय की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा सकती है. गन्ना और फलों के जूसों की बिक्री बढ़ी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Heat Wave, MP weather, Shivpuri News, Temperature
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 20:51 IST








