
आकाश कुमार/जमशेदपुर. आईसीएसई ने 10वीं के रिजल्ट की घोषणा कर दी है. लौहनगरी जमशेदपुर के रुशील कुमार ने पूरे देश में सर्वाधिक मार्क्स लाकर टॉप किया है. हिलटॉप स्कूल टेल्को के छात्र रुशील को इस परीक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं. रिजल्ट आने के बाद से स्कूल व घर पर खुशी का माहौल है. रिश्तेदार व दोस्त लगातार बधाई देने पहुंच रहे हैं.
जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर निवासी रुशील को चार विषयों में 100 में 100 व दो में 100 में 99 अंक प्राप्त हुए हैं. उसे मैथ्स में 100, साइंस में 100, कंप्यूटर में 100, सोशल साइंस में 100, इंग्लिश में 99 व हिंदी में 99 मार्क्स मिले हैं. इस तरह कुल 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं. रुशील आईआईटी पास कर कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग करना चाहता है. आईआईटी मुंबई उसका ड्रीम कॉलेज है. वह आगे चल कर सिविल सर्विस में जाकर देश की सेवा करना चाहता है.
प्रेशर फ्री तैयारी से बेहतर रिजल्ट
रुशील ने बताया कि वह रोजाना 8 से 10 घंटे सेल्फ स्टडी किया करता था. कड़ी मेहनत से यह सफलता उसे मिली है. गोल सेट कर नियमित रूप से पढ़ाई करता था. इसी का नतीजा है कि यह रिजल्ट आया है. उसने बताया कि स्कूल से फोन कर बताया कि उसने पूरे देश में टॉप किया है. उस समय खुशी का ठिकाना नहीं था. रुशील ने सलाह देते हुए कहा कि कभी भी तनाव में पढ़ाई नहीं करनी चाहिए. प्रेशर फ्री तैयारी का बेहतर परिणाम आता है.
मां ने कहा…जैसे मैंने टॉप किया
रुशील के पिता राजेश कुमार व्यवसायी और माता सुमन देवी गृहणी हैं. माता-पिता बेटे की इस सफलता से गदगद हैं. पिता बताते हैं कि रुशील शुरू से पढ़ाई में अच्छा है. क्लास में हमेशा टॉप करता आया है. पढ़ाई को लेकर उसकी लगन देखकर आश्वस्त थे कि 10वीं की परीक्षा में भी टॉप करेगा. वहीं, बेटे के बारे में बोलते हुए मां भावुक हो गई. उन्होंने कहा कि आज लग रहा है, जैसे रुशील ने नहीं…मैंने टॉप किया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 21:55 IST








