
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मोहम्मद सिराज ने अपने करियर से जुड़े एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के बारे में बताया. आईपीएल 2023 में अपनी गेंदबाजी से धमाल मचाने वाले सिराज ने बताया कि साल 2017 में एक वक्त ऐसा भी था कि उन्हें लगा कि वो मौत के कगार पर हैं. अगर तब वो अस्पताल में भर्ती नहीं होते तो शायद मर भी सकते थे. सिराज ने यह भी बताया कि तब टीम के कोच ने उनकी बात पर विश्वास तक नहीं किया था. इसकी वजह भी खुद सिराज ही थे.
मोहम्मद सिराज ने ब्रेकफास्ट विद चैंपियन शो के दौरान बताया, “मैं डेंगू की बीमारी का शिकार हो गया था और मेरे प्लेटलेट्स लगातार गिर रहे थे. अगले दिन सुबह हैदराबाद की अंडर-23 टीम को मैच खेलने के लिए रवाना होना था. मैं तनाव में था और इधर-उधर घूम रहा था. मेरा नाम टीम में शामिल किया गया था लेकिन मैं अस्पताल में भर्ती था. मेरे ब्लड काउंट में भारी गिरावट आई थी. अगर उस वक्त मैं एडमिट नहीं होता तो शायद मर भी सकता था.”
सिराज ने बताया कि मैंने अपने कोच को इसकी जानकारी दी. क्योंकि मैं टीम में नया था किसी ने भी मेरी बात पर विश्वास नहीं किया था. सिराज ने उनकी बात पर विश्वास नहीं करने की वजह भी बताई. उनका कहना था कि वो अक्सर बीमारी का बहाना बनाकर प्रैक्टिस मिस कर देते थे. जिसकी वजह से उन्हें लगा कि मैं इस बार भी झूठ बोल रहा हूं.
मोहम्मद सिराज इस वक्त आईपीएल में खूब कहर बरपा रहे हैं. वो 12 मैचों में 7.78 की शानदार इकनॉमी से गेंदबाजी कर रहे हैं. इस दौरान वो 16 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. सिराज सर्वाधिक विकेट लेने वालों की लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: IPL 2023, Mohammad Siraj, Mohammed siraj, Rcb
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 19:22 IST








