राम नाम की लगन: अयोध्या के राम नाम बैंक में जमा कर चुके…1 अरब 30 करोड़ से ज्यादा नाम

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


दुर्गेश सिंह राजपूत/नर्मदापुरम: कहते हैं राम का नाम लेने से जीवन तर जाता है, पर नर्मदापुरम के गुलाब सिंह भदौरिया ने तो अपना सारा जीवन ही राम को सौंप दिया. वन विभाग से सेवानिवृत्त हुए गुलाब सिंह ने सोचा कि अब घर बैठे क्या करूं तब उन्होंने राम का नाम लिखना शुरू किया.

4 सितंबर 2016 को उन्होंने रामलला के जन्म स्थान अयोध्या में राम नाम बैंक में अपना खाता न. 17133/B श्री हनुमान जी महाराज के नाम से खुलवाया था. उस समय गुलाब सिंह ने 13 लाख 18 हजार 527 राम नाम लिखकर राम नाम बैंक में जमा किया. इसके बाद धीरे-धीरे कर उनके साथ लोग जुड़ते गए.

वर्तमान में नर्मदापुरम, रायसेन, हरदा, सीहोर सहित जिलों से लगभग 1400 लोग उनसे जुड़ चुके हैं, जो अपने घर में बैठकर राम नाम का लेखन करते हैं. गुलाब सिंह भदौरिया ने बताया कि हम एक पेज में 2160 राम नाम लिखते हैं. 1 महीने में एक करोड़ से ऊपर राम नाम को एकत्रित कर हम अपने पास जमा करते हैं. फिर इन्हें इकट्ठा कर अयोध्या लेकर जाते हैं. वहां पर राम नाम बैंक में इन्हें जमा किया जाता है.

फिर जाएंगे अयोध्या राम नाम जमा करने
आगे बताया कि इससे पहले आखिरी बार हम 3 मार्च 2023 को अयोध्या गए थे. तब हमने 5 करोड़ 43 लाख 15 हजार 873 राम नाम लेखन जमा किए थे. अब मई महीने में हम 2 करोड़ 50 लाख के लगभग राम नाम के लेखन को ले कर जमा करने जा रहे हैं. इस समय हम 4 लोग हैं. साथी कन्हैया राजपूत, गोपाल यादव, जीपी शर्मा राम नाम लेखन को एकत्र करते हैं और उन को सेट कर पैक करते हैं. जिससे हमें अयोध्या ले कर जाने में आसानी होती है. अयोध्या पहुंचने से पहले स्टेशन पर हम खुद अपने सिर पर बोरी को रखते हुए ले कर जाते हैं. इस राम नाम लेखन को जमीन पर नहीं रखते हैं.

अयोध्या से ले आते हैं कॉपी
राम नाम जमा करने के बाद हम लोग राम नाम की कॉपी ले कर आते हैं. अभी तक हम लगभग 12 हजार कॉपी निःशुल्क लोगों में बांट चुके हैं. साथ ही 7 लाख के करीब पत्रक छपा कर बांटे हैं. ये सभी काम आचार्य श्री सोमेश जी परसाई के मार्गदर्शन में किया जाता है. हम लोग 4 सितंबर 2016 से 3 मार्च 2023 तक 1 अरब 30 करोड़ 71 लाख 80 हजार 727 राम नाम धन राशि जमा कर चुके हैं. आगे भी हम इसी प्रकार राम नाम लेखन को जमा करते रहेंगे.

Tags: Hoshangabad News, Lord Ram, Mp news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें