
हिमांशु नारंग/करनाल .करनाल के सेक्टर-13 में चोरों ने एक मकान में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया है. जानकारी के मुताबिक चोरों ने पहले घर में बैठकर इत्मीनान से शराब पी और उसके बाद घर के सारे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरों ने तकरीबन 60 से 70 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
दरअसल इस घटना को उस वक़्त अंजाम दिया गया जब घर में कोई नहीं था. घर के सभी सदस्य रिश्तेदारी में किसी की शोक सभा में गए हुए थे. इसी दौरान सुबह के करीब तीन बजे के आसपास चोरों ने उनके घर में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं घंटा के बाद पुलिस के हाथ कोई सुराग न लगे इस कारण वो घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए. घर के सदस्य जब घर लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, ताले टूटे पड़े थे और घर में रखी लाखों की नकदी सोने चांदी और डायमंड के गहने गायब थे. यहां तक कि चोरों ने ब्रांडेड कपड़ों और मंदिर में रखा सामान पर भी हाथ साफ कर दिया.
सीसीटीवी का डीवीआर बॉक्स भी ले गए चोर
घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे. मुमकिन है कि पूरी घटना इन कैमरों में रिकॉर्ड हुई हो, लेकिन चोर चोरी करने के बाद अपने साथ सीसीटीवी का डीवीआर बॉक्स भी ले गए. परिजनों का आरोप है की करनाल का पॉश एरिया होने के बावजूद चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं.बहरहाल घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों के बारे में कोई सुराग हाथ लग सके.
पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में चोर की तस्वीर हुई कैद
घर के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में चोर की तस्वीर भी कैद हुई है. जिसमें चोर दीवार फांदकर घर से बाहर निकलता हुआ नजर आ रहा है. साथ ही एक संदिग्ध गाड़ी भी वहां से गुजरती हुई नजर आ रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 22:27 IST








