CPI Inflation: 18 महीने के निचले स्तर पर खुदरा महंगाई, अप्रैल में घटकर 4.70 फीसदी पर आई

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्‍ली. महंगाई के मोर्चे पर राहत की खबर आई है. दरअसल, खुदरा महंगाई दर में गिरावट आई है. खाने का सामान सस्ता होने से अप्रैल में खुदरा महंगाई दर घटकर 4.70 फीसदी पर आ गई है. खुदरा महंगाई का ये 18 महीने का निचला स्तर है. मार्च में महंगाई दर 5.66 फीसदी रही थी.

यह लगातार दूसरा महीना है जब कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) पर आधारित मुद्रास्फीति भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक दायरे में है. आरबीआई को मुद्रास्फीति 2 फीसदी घट-बढ़ के साथ 4 फीसदी पर रखने की जिम्मेदारी मिली हुई है. गौरतलब है कि आरबीआई ने वित्त वर्ष 2023-24 में खुदरा महंगाई के 5.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है.

आंकड़ों के मुताबिक, सीपीआई-आधारित खुदरा महंगाई इस साल मार्च में 5.66 फीसदी और एक साल पहले अप्रैल महीने में 7.79 फीसदी थी. अप्रैल महीने में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर 2021 के बाद सबसे निचले स्तर पर है. उस समय यह 4.48 फीसदी रही थी.

नेशनल स्टैटिकल ऑफिस (NSO) के अनुसार खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर अप्रैल में 3.84 फीसदी रही जो मार्च में 4.79 फीसदी थी. एक साल पहले अप्रैल महीने में 8.31 फीसदी थी. अनाज, दूध और फल आदि की कीमतें बढ़ने से खुदरा मुद्रास्फीति दिसंबर 2022 में 5.7 फीसदी से बढ़कर इस साल फरवरी में 6.4 फीसदी पर आ गई थी.

इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन मार्च में 1.1 फीसदी बढ़ा
देश का इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन मार्च में 1.1 फीसदी बढ़ा जबकि एक साल पहले की समान अवधि में इसकी वृद्धि दर 2.2 फीसदी रही थी. नेशनल स्टैटिकल ऑफिस की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) मार्च 2023 में 1.1 फीसदी  बढ़ा.

इस दौरान विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 0.5 फीसदी ही बढ़ा. वित्त वर्ष 2022-23 के अंतिम महीने मार्च में खनन उत्पादन 6.8 फीसदी बढ़ा जबकि बिजली उत्पादन में 1.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. समूचे वित्त वर्ष 2022-23 में इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन में 5.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 11.4 फीसदी बढ़ा था.

Tags: Business news, Business news in hindi, Cpi, Inflation, RBI, Reserve bank of india

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें