
हिगगांव, हावेरी (कर्नाटक). कर्नाटक चुनाव 2023, (Karnataka Assembly Election 2023) एग्जिट पोल पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (CM Basavaraj Bommai) ने कहा कि सभी एग्जिट पोल 100 प्रतिशत सही नहीं होते हैं. हमें विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत से जीतेंगे और कर्नाटक में एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे कामों और डबल इंजन की सरकार को वोट किया है. हमने बीते सालों में जनता से किया हर वादा निभाया है और अब हम कर्नाटक को और आगे लेकर जाएंगे, इसलिए जनता ने हमें वोट दिया है.
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेंगे, मुझे 200% विश्वास है. एग्जिट पोल जल्दबाजी में किए जाते हैं और इसमें बहुत सारी गलतियां होंगी. किसी के किंगमेकर बनने का सवाल ही नहीं है, मेरे लिए लोग, कर्नाटक की जनता किंगमेकर हैं और वे बीजेपी को फिर से सत्ता में लाएंगे. कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Election 2023) के लिए आज यानी बुधवार को मतदान हुआ. आज एग्जिट पोल के नतीजों से एक अनुमान मिल जाएगा कि आखिर कर्नाटक का किंग कौन होगा. हालांकि, फाइनल नतीजों के लिए 13 मई तक का इंतजार करना पड़ेगा. कर्नाटक चुनाव में मुख्य तौर पर बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस के बीच में मुकाबला रहा. हालांकि, जेडीएस इस बार भी किंग मेकर बनने का दावा कर रही है.
मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 24 मई 2023 में खत्म होने से पहले मिलेगी नई सरकार
कर्नाटक की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 24 मई 2023 में खत्म हो रहा है और उससे पहले कर्नाटक को नई सरकार मिल जाएगी. पिछली बार कर्नाटक में चुनाव मई 2018 में हुए थे. चुनाव के बाद जेडीएस यानी जनता दल (सेकुलर) और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई थी. इसमें एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि, करीब एक साल बाद ही यानी जुलाई 2019 में कांग्रेस और जेडीएस के कई मंत्रियों के इस्तीफे के बाद सरकार गिर गई. इसके बाद फिर बीएस येदुयरप्पा की अगुवाई में बीजेपी ने यहां सरकार गठित की. हालांकि,बीएस येदुयरप्पा भी दो साल ही मुख्यमंत्री के पद पर रह पाए. उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा और फिर उसके बाद बासवराज बोम्मई को भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Assembly election, BJP, CM Basavaraj Bommai, Karnataka Assembly Election 2023
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 20:46 IST








