
रामकुमार नायक/महासमुंद: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए गए हैं. 10वीं का रिजल्ट 75.05 प्रतिशत गया है. इस बार भी लड़कियों ने ही परीक्षा में बाजी मारी है. छात्रों का परीक्षा परिणाम 70.26 प्रतिशत है, तो छात्राओं का लगभग 79.16 फीसदी है.
महासमुंद के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली किसान की बेटी ने दसवीं बोर्ड की परीक्षा में टॉप टेन में अपना स्थान बनाया है. जिले के सरायपाली विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किसडी की छात्रा बिंदिया प्रधान ने 97.17 प्रतिशत के साथ पूरे प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया है. बिंदिया किसडी गांव की है. बिंदिया के पिता किरोती प्रधान खेती करते हैं. माता रीता गृहणी हैं. बिंदिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजन और बड़े पिता को दिया है.
IAS बनना है लक्ष्य
महासमुंद मुख्यालय से 124 किमी. दूर किसडी गांव है. गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़कर बिंदिया ने टॉप टेन में जगह बनाई है. बेटी की इस सफलता के बाद परिवार और रिश्तेदारों में खुशी की लहर है. बिंदिया ने बताया की वह रोजाना 8 घंटा पढ़ाई करती थी. 11वीं में गणित विषय लेकर पढ़ाई करना चाहती है और भविष्य में आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chhattisgarh Board Results, Chhattisgarh news, Mahasamund News
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 19:31 IST








