यूपी में रामपुर की स्वार और मीरजापुर की छानबे विधानसभा सीट पर बुधवार को मतदान होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मोर्चा संभाल चुकी हैं। मतदान के दौरान एक बदलाव देखने को मिलेगा। अभी तक वोटिंग के दौरान तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाती थी। इस बार तर्जनी की जगह मध्यमा पर स्याही लगाई जाएगी। इसके पीछे खास कारण है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। शाम छह बजे तक मतदान केन्द्र परिसर में जितने भी वोटर मौजूद होंगे, उन्हें अपने मताधिकार का अवसर मिलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि रामपुर में चार को नगरीय निकाय के चुनाव सम्पन्न हुए हैं।
स्वार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले नगरीय निकायों में मतदाताओं के बाएं हाथ की तर्जनी अंगुली में अमिट स्याही लगाई गई होगी। वह स्याही अभी मिटी नहीं होगी। इसी को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने यह निर्देश दिए हैं कि स्वार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपनिर्वाचन के दौरान अमिट स्याही मतदाताओं की बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली में लगाई जाएगी।








