कश्मीर से उत्तराखंड तक बर्फबारी, हिमाचल में अटल टनल पर सैकड़ों गाड़ियां फंसी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कल से जमकर बर्फबारी.
बेमौसम बर्फबारी से कई इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है.
बर्फ खिसकने से श्रीनगर-लेह राजमार्ग को बंद कर दिया गया है.

नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कल से ही जमकर बर्फबारी (Snowfall) हो रही है. मई में हो रही इस बेमौसम बर्फबारी से कई इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. लद्दाख के कारगिल में ऊंचाई वाले इलाकों में भी भारी बर्फबारी हुई है. भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में कैफेटेरिया मोड़ के पास बर्फ खिसकने के कारण सड़क बंद हो गई है. इसे देखते हुए श्रीनगर-लेह राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है. खबरों में बताया गया है कि जोजिला पास में भारी हिमस्खलन (Avalanche) हुआ है. वहां कई चट्टानें नीचे गिर गईं हैं. सीमा सड़क संगठन (BRO) का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि लाहौल और स्पीति में भारी बर्फबारी में फंसे दिल्ली के पांच पर्यटकों को बचा लिया गया. जबकि हिमाचल प्रदेश में अटल सुरंग रोहतांग और धुंडी के बीच फंसे 500 से अधिक वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है. भारी बर्फबारी के बाद सोमवार को सड़क पर वाहन फिसलने लगे थे. कुल्लू जिला पुलिस ने सोमवार रात बचाव अभियान की निगरानी की. तापमान में काफी गिरावट आ गई है. हिमाचल प्रदेश में कुल्लू घाटी में ताजा बर्फबारी हुई है. कुल्लू जिले के रोहतांग में अटल सुरंग पर भी बर्फ गिरी है. लाहौल स्पीति घाटी में बर्फबारी के चलते प्रशासन ने 3600 मीटर की अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमखलन की संभावना जताई है.

हिमाचल में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त
भारी बर्फबारी से राज्य में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. लाहौल घाटी के विभिन्न इलाकों में अब तक करीब दो इंच तक बर्फबारी हो चुकी है. घाटी मे अब भी मौसम खराब चल रहा है. बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. कई इलाकों में तापमान माइनस 11 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है. नॉर्थ पोर्टल से दारचा, तांदी से किल्लाड़, ग्रांफू से लोसार सड़क मार्ग को गाड़ियों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के छितकुल नेसंग राक्छम आदि इलाकों में मई के महीने में 15 साल बाद भारी बर्फबारी हुई है. बर्फबारी होने से इन इलाकों में यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है. मगर इससे किसान और बागबान खुश हैं.

हिमाचल में हादसेः शिमला में JBC मशीन और कार खाई में गिरी, 5 लोगों की मौत, 6 घायल

केदारनाथ धाम में बर्फबारी नया रिकार्ड
वहीं उत्तराखंड में भी केदारनाथ धाम में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. भारी बर्फबारी ने बाबा केदारनाथ धाम को बर्फ की चादर से ढक दिया है. मौसम में बदलाव के बावजूद दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी हुई है. उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में बर्फबारी और बारिश हो रही है. उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर में बर्फबारी के बावजूद बड़ी संख्या में भक्तों का आना जारी है. केदारनाथ धाम में इस बार बर्फबारी एक नया रिकार्ड बना रही है. मार्च महीने से लगातार हो रही बर्फबारी थमने का नाम नहीं ले रही है. बीते सोमवार को भी केदारनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हुई. बर्फबारी के कारण पुलिस की ओर से यात्रियों के लिये एडवाइजरी भी जारी की गई. लेकिन आज मंगलवार सुबह केदारनाथ धाम में मौसम साफ हो गया. मौसम साफ होने के बाद सोनप्रयाग से लगभग पांच से सात हजार यात्रियों को केदारनाथ धाम की यात्रा पर भेजा गया. धाम में आज सुबह के समय वायु सेना का चिनूक हेलीकाप्टर पुनर्निर्माण सामग्री को लेकर भी केदारनाथ पहुंचा. हालांकि सुबह 9 बजे बाद निचले क्षेत्रों में मौसम खराब हो गया था और बारिश शुरू हो गई थी. मौसम विभाग ने आज भी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी तो निचले क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की है.

Tags: Heavy snowfall, Jammu-Kashmir Snowfall, Snowfall in Himachal, Snowfall in Uttarakhand, Snowfall news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें