
सुमित भारद्वाज/पानीपत: पानीपत में परिवार पहचान पत्र बनवाने मे बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां पर एक परिवार पहचान पत्र में बेरोजगार दिव्यांग को सरकारी कर्मचारी बता दिया गया. इतना ही नहीं, दिव्यांग की बुजुर्ग मां को भी सरकारी कर्मचारी बता दिया. कार्ड में सरकारी कर्मचारी दिखाने के बाद से राशन कार्ड में उनका नाम कट गया, जिससे उन्हें सरकारी राशन भी मिलना बंद हो गया. अब उनके खाने के लाले पड़ गए हैं.
जानकारी के अनुसार, परिवार पहचान पत्र में दिव्यांग और उसकी मां को सरकारी कर्मचारी दिखाने के बाद उनकी आय भी बढ़ी हुई दिखा दी गई. इस कारण उनका राशन कार्ड काट दिया गया. अब दिव्यांग फैमिली आईडी में आय ठीक करवाने के लिए कई महीनों से लघु सचिवालय के चक्कर काट रहा हैं. लेकिन, कोई समाधान नहीं हो पा रहा है. साथ-साथ कार्ड में जन्म-तिथि और घर का पता भी गलत दर्शाया गया है.
मदद को आगे आए लोग
दिव्यांग का कहना है कि सरकारी राशन के जरिए ही उनके घर का काम चलता था. अगर समय रहते राशन राशन कार्ड नहीं बना तो उनके आगे दो वक्त की रोटी के भी लाले पड़ जाएंगे. दिव्यांग और इसके परिवार की समस्या, समाजसेवी व मीडिया के संज्ञान में पहुंची, जिसके बाद उसे लेकर लघु सचिवालय पहुंचे और उसे कार्यालय के सरकारी कर्मचारी से मिलवाया गया.
कर्मचारियों ने दिया आश्वासन
वहीं, लघु सचिवालय स्थित परिवार पहचान पत्र केंद्र के डाटा एंट्री ऑपरेटर पहले तो इस मामले से अंजान बने रहे. बाद में उन्होंने कहा कि इनके दस्तावेज जांचने के बाद से परिवार पहचान पत्र को दुरुस्त कर दिया जाएगा. अब देखने वाली बात यह रहेगी कि महीनों से लघु सचिवालय के चक्कर काट रहे इस दिव्यांग और बुजुर्ग महिला का पहचान पत्र कब तक दुरुस्त हो पाता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 09, 2023, 00:29 IST








