
नितिन अंतिल/सोनीपत: दिल्ली के जंतर मंतर पर देश के नामचीन पहलवान धरने पर बैठे हैं और पहलवान यह कह रहे हैं कि जब तक कुश्ती फेडरेशन के चीफ बृजभूषण शरण की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका धरना समाप्त नहीं होने वाला है. ऐसे में धरने को लेकर विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्ताधारी पार्टियों के नेताओं की भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
आज सोनीपत के रेलवे स्टेशन पर महिला स्पेशल ट्रेन के ठहराव को लेकर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सोनीपत से सांसद रमेश कौशिक और राई व गन्नौर से बीजेपी विधायक मोहनलाल बाड़ोली व निर्मल चौधरी के बयान भी सामने आए. बीजेपी सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि यह पूरा मामला न्यायालय में चल रहा है और जल्दी पहलवानों को न्याय मिलेगा. कानून अपना काम कर रहा है और विपक्षी दलों का काम ही सत्ता पर आरोप लगाना है.
पहलवानों को नई पॉलिसी से भी परहेज
वहीं, राई से भाजपा विधायक मोहनलाल बडोली ने कहा कि धरने पर बैठे पहलवान देश के लिए खेले हैं और उन्होंने देश का नाम रोशन किया है. पहलवानों को राजनीतिक दलों ने भुनाने का प्रयास किया है. मैं पहलवानों से अपील करता हूं कि इस धरने को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील न करें. यह सारा विवाद इसलिए भी है कि अंतरराष्ट्रीय पहलवानों के लिए जो नई पॉलिसी बनाई गई थी, उसमें कुछ नए कानून और कायदे थे जिसको लेकर भी पहलवान फेडरेशन से खफा थे, जब तक यह जांच चल रही है, तब तक इस धरने को रोक देना चाहिए. आरोपों की जांच चल रही है और हमें उम्मीद है कि पहलवानों को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा.
पहलवानों को मिलेगा न्याय
इसी कड़ी में गन्नौर से विधायक निर्मल चौधरी ने भी पहलवानों के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरा मामला न्यायालय में चल रहा है और पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. हमें उम्मीद है कि जल्द से जल्द पहलवानों को न्याय मिलेगा और दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 08, 2023, 16:15 IST








