
लखेश्वर यादव/जांजगीर चाम्पा. प्रदेश में महात्मा गांधी की जयंती के दिन से रीपा योजना के तहत ग्रामीण औद्योगिक पार्क योजना शुरू हुई है. इस योजना के तहत जिले के भी अलग-अलग ब्लॉकों में ये पार्क शुरू किए जा रहे हैं. इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना उन्हें लघु उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है.
कलेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर जिले के प्रत्येक विकासखंड के दो गोठानों में ग्रामीण औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा. इनमें बलौदा विकासखंड से जर्वे और महुदा, नवागढ़ विकासखंड से पेंड्री और पचेड़ा, अकलतरा विकासखंड से तिलई और किरारी, पामगढ़ विकासखंड से मुलमुला और लोहर्सी, बम्हनीडीह विकासखंड से गोविंदा और अफरीद का चयन किया गया है.
कठोर परिश्रम से बदल रही किस्मत
जांजगीर जिले के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत पेंड्री में मल्टीएक्टिविटी गौठान का निर्माण किया गया है. यह मल्टीएक्टिव गौठान 20 एकड़ में फैला हुआ है. जहां सरस्वती महिला स्व सहायता समूह की दीदी सिल्क की धागे से साड़ियां बुन कर सफलता की कहानी गढ़ रहीं हैं. समूह की महिलाएं कठोर परिश्रम कर अपनी किस्मत को बदलने के साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करते हुए बेहतर स्वरोजगार की ओर बढ़ रही हैं. यहां स्व सहायता समूह की महिलाओं को प्रेरित करते हुए उनके माध्यम से कोसा साड़ी बुनने का कार्य शुरू कराया गया है. पेंड्री गौठान में महिला समूहों के द्वारा 2022-23 से यह कार्य किया जा रहा है.
हर रोज़ 200 रुपये की कमाई
प्रशिक्षित महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने लगा है. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस क्षेत्र में बुनाई को विस्तारित करने की योजना कर तेजी से काम किया जा रहा है. महिलाओं को गौठान में लूम लगाकर दिया जाएगा. जिससे वह अपने घरेलू काम-काज निपटाने के बाद खाली समय में बुनाई कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सके. फिलहाल महिलाएं बुनाई से प्रतिदिन लगभग 200 रुपये की आय कर रही है.
घर से बाहर निकल कर काम
रीपा में काम महिलाओं ने बताया की सरकार की ये बहुत ही अच्छा योजना है. पहले घर में सिर्फ खाना बनाने का काम करके खाली बैठे रहते थे. अब हम ग्रामीण महिला अब घर से बाहर निकल कर काम कर रहे हैं. जिससे हमारी आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी और साथ ही साथ हमे सम्मान भी मिलेगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Women Empowerment
FIRST PUBLISHED : May 08, 2023, 14:23 IST








