
रिपोर्ट : आशुतोष तिवारी
रीवा. रीवा में समान थाना पहुंचकर कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब के नशे में धुत्त थे. शराबी युवकों ने थाने में तोड़फोड़ भी की. हालांकि बाद में पुलिस ने बदमाशों के अक्ल ठिकाने लगा दिए.
दरअसल, रीवा के समान थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक तिलक समारोह था. इस समारोह में पहुंचे सगे भाई रोहित द्विवेदी और पुष्पेन्द्र द्विवेदी ने जमकर शराब पी रखी थी. ये दोनों गोविंदगढ़ के टीकर पथरहा के रहने वाले हैं. उन्होंने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया.
बताया जाता है कि इन दोनों ने पहले तो समदड़िया होटल में शराब का सेवन किया. इसके बाद होटल परिसर के बाहर आकर हंगामा करना शुरू कर दिया. इस पूरी घटना की जानकारी जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, तो मामले को शांत कराने के लिए घटनास्थल पर समान थाना की पुलिस पहुंची. यहां कुछ देर तक पुलिस और इन दोनों शराबियों के बीच बातचीत होती रही. यह बातचीत एकाएक बहस में तब्दील हो गई. इस बीच दोनों शराबियों ने अपना आपा खो दिया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे. इस पूरी घटना में 3 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. वहीं बदमाशों के साथ झड़प में एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट गई.
सूचना मिलते ही शहर के दूसरे थानों से पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद दोनों शराबी युवकों को थाने लाया गया तो शराबी युवकों ने थाने में भी तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया. उन्होंने थाने की खिड़कियों के कांच तोड़ दिए. हालांकि बाद में पुलिस ने बदमाशों के अक्ल ठिकाने लगा दिए.
डीएसपी रीवा उमेश प्रजापति ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही चोटिल पुलिसकर्मियों का मेडिकल करा कर आरोपी युवकों के खिलाफ समान थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 353, 332, 294, 506, 34 और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम धारा 3 का मुकदमा दर्ज किया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Crime News, MP Police, Rewa News
FIRST PUBLISHED : May 08, 2023, 14:49 IST








