ई-चालान को हल्के में न लें…वसूली के लिए घरों से उठा लिए जाएंगे वाहन, जानें पुलिस का प्लान

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अनुज/सागर: अगर आपके वाहन का ई-चालान आया है और आपने अभी तक भुगतान नहीं किया है तो आप मुश्किल में पड़ सकते हैं. फिर हो सकता है न्यायालय से ही आपका वाहन छूट पाए. वहीं चालान का जुर्माना नहीं भरने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. जुर्माना वसूली के लिए पुलिस घर-घर जाकर वाहनों को जब्त करेगी.

पुलिस उनके घर से सीधे वाहन जब्त कर थाने ले जाएगी और वाहनों को फिर न्यायालय से ही छुड़ाया जा सकेगा. सागर स्मार्ट सिटी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का ई-चालान घर भेज दिया जाता है, लेकिन वाहन मालिकों द्वारा इन्हें भरा नहीं जाता. चालान की वसूली के लिए पुलिस द्वारा कॉलिंग भी करवाई जा रही है, नोटिस दिए जा रहे हैं, बार-बार अन्य माध्यमों से प्रचार किया जा रहा है.

इसके बावजूद ई-चालान का जुर्माना नहीं भरा जा रहा. ऐसे में पुलिस अब एक अभियान शुरू कर रही है, जिसके तहत चालान में जो एड्रेस है, ट्रैफिक पुलिस वहां पर पहुंचेगी और उस वाहन को जब्त कर साथ ले जाएगी.

1500 से ज्यादा ई-चालान की वसूली अटकी
सागर स्मार्ट सिटी के तहत शहर भर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से वाहन चालकों पर नजर रखी जाती है. फिर बिना हेलमेट लगाए, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट वाले वाहनों के चालान ऑटोमेटिक जनरेट कर पोस्ट कर दिए जाते हैं. इन ई-चालानों को 1 महीने के अंदर भुगतान करना होता है, लेकिन स्मार्ट सिटी के द्वारा काटे गए 1500 से अधिक ई-चालान का लोगों ने जुर्माना नहीं भरा है. इसकी वसूली के लिए अब पुलिस का सख्त रुख देखने को मिलेगा.

नंबर प्लेट भी लगवा लें, नहीं तो कार्रवाई
सागर एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि स्मार्ट सिटी व्यवस्था द्वारा काटे गए ई-चालान की वसूली के लिए वाहन जब्ती की कार्रवाई घर से की जाएगी. अगर कोई भी व्यक्ति जिसका ई-चालान कटा है, वह इस कार्यवाही से बचना चाहता है तो जल्द से जल्द अपना ई-चालान एमपी ऑनलाइन अपने मोबाइल फोन या फिर ट्रैफिक थाने में जाकर जमा कर सकता है. साथ ही बताया कि जो व्यक्ति नंबर प्लेट नहीं लगाए हैं, नंबरों को दूसरे फॉन्ट में लिखे हुए हैं तो चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी उनको पकड़ लेंगे और जब तक सही नंबर प्लेट नहीं लगेगी, तब तक उन वाहनों को नहीं छोड़ा जाएगा.

Tags: E Challan, Mp news, Sagar news, Smart City Yojna

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें